Badaun News : मरीजों की जान से खिलवाड़, तीन चिकित्सक समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

अमृत विचार, बिसौली : बदायूं के बिसौली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि मरीजों के बेड तक सप्लाई होने वाली ऑक्सीजन की पाइप लाइन काटने की कोशिश की गई। अस्पताल के स्टॉफ ने एक आरोपी युवक को पकड़ा है। अस्पताल प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने पांच चिकित्सकों के खिलाफ षड्यंत्र रचने, छेड़छाड़, धमकाने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति नृशंसता निवारण अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार को कस्बा बिसौली के सोमवार बाजर स्थित माहेश्वरी अस्पताल में भर्ती मरीजों की जान से खिलवाड़ किया गया। उन्हें सप्लाई करने वाली ऑक्सीजन की पाइप लाइन काटने की कोशिश हुई। अस्पताल के प्रबंधक रामप्रताप ने तहरीर देकर बताया कि वह गुरुवार दोपहर लगभग दो बजे अस्पताल के ऊपरी मंजिल पर रहे डॉ. मनोज माहेश्वरी के आवास पर जा रहे थे। अस्पताल में एक युवक दिखा। जिसके हाथ में प्लास, गैस का लाइटर था। वह चाकू से ऑक्सीजन की पाइप लाइन काट रहा था। अस्पताल में आग लगाना चाहता था। रामप्रताप ने उसे आवाज लगाई तो वह अस्पताल में नीचे की ओर धमकी देता हुआ भाग कि हट जाओ वर्ना जान से मार दूंगा। 

अस्पताल के स्टाफ ने युवक को पकड़ लिया। उसके हाथ से चाकू छीना। इसी दौरान अस्पताल की एक महिला सफाईकर्मी आ गई। उसने बताया कि युवक ने कुछ देर पहले उससे नाम और जाति पूछी। उसने अपनी जाति हरिजन बताई और कहा कि वह अस्पताल में काम करती है। तो युवक ने महिला सफाईकर्मी से अभद्र व्यवहार और अश्लीलता की। उसका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचा। महिला ने उससे हाथ छुड़ाया तो युवक अस्पताल में ऊपर की ओर भागा। पूछने पर युवक ने अपना नाम कस्बा सहसवान के मोहल्ला चौधरी निवासी मोहम्मद तारिक पुत्र मोहम्मद आसिफ बताया। कहा कि वह सहसवान के डॉ. रामनिवास गुप्ता अस्पताल में इलेक्ट्रीशियन का काम करता है।

उसे डॉ. रामनिवास और उनके बेटे डॉ. आदित्य गुप्ता, डॉ. अभिनव गुप्ता और कासिम पुत्र नासिर ने भेजा था। माहेश्वरी अस्पताल जाकर फोटो खींचने, वीडियो बनाने और पाइप लाइन काटकर आग लगाने को कहा था। जिससे अस्पताल में भर्ती मरीज और बच्चे जलकर मर जाएं। रामप्रताप ने बताया कि उसके साथ एक और युवक था जो भाग गया। सूचना पर पुलिस पहुंची।

आरोपी मोहम्मद तारिक को पकड़कर ले गई। रामप्रताप की तहरीर पर डॉ. रामनिवास गुप्ता, डॉ. आदित्य गुप्ता, डॉ. अभिनव गुप्ता, कासिम और मोहम्मद तारिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बिसौली कोतवाल सुनील अहलावत ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई है। आगे की जांच की जा रही है।

 ये भी  पढ़ें- बदायूं: हत्या और कातिलाना हमले के दोषी को उम्रकैद, 30 हजार लगा जुर्माना

संबंधित समाचार