गोंडा : तीन घरों का ताला तोड़कर 42 हजार की नकदी समेत लाखों के जेवर ले गए चोर
-इटियाथोक के पांडेयपुरवा गांव में हुई वारदात, ग्रामीणों में दहशत
इटियाथोक/ गोंडा, अमृत विचार। इटियाथोक थाना क्षेत्र के ग्राम पारासराय के मजरे पांडेयपुरवा में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों का ताला तोड़कर जेवर व 42 हजार रुपये चुरा ले गए। पीड़ितों ने घटना की तहरीर थाने पर दी है। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
ग्राम पारासराय के पांडेयपुरवा मजरे के नानबाबू ने बताया कि बीती रात अज्ञात चोर घर के पीछे लगे दरवाजे का कुंडा तोड़कर कमरे में आ गये। कमरे के भीतर पर्स में रखा झुमकी,पायल व पांच हजार रूपये चुरा ले गए। सुबह घटना की जानकारी हुई।इसके बाद चोरों ने पड़ोस के रानी देवी के घर से कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखा सोने का झाला,मंगलसूत्र, नथुनी, पायल तीन जोड़ी,सात हजार नगद तथा कपड़े चुरा ले गए।
सुबह जगने पर दरवाजा खुला होने पर घटना की जानकारी हुई। खोजबीन के बाद रेलवे लाइन के किनारे दोनों बक्से पड़े हुए मिले। इसके अलावा चोरों ने दुल्ला देवी के घर के पीछे लगे दरवाजे का कुंडा तोड़कर बक्से में रखा सोने की माला,झाला तथा 25 हजार रुपये चुरा ले गए। पीड़ितों ने घटना की तहरीर थाने पर दी है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया जानकारी मिली है। छानबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ेः सीएम योगी ने मंत्रिपरिषद के साथ की बैठक, नहीं पहुंचे दोनों डिप्टी सीएम
