कन्नौज में अखिलेश बोले- हार से बौखलाए भाजपाई कर रहे समाजवादियों का उत्पीड़न, नफरत की राजनीति करने वालों को जनता ने दिखाया आइना
कन्नौज, अमृत विचार। प्रदेश में भाजपा की हुई करारी हार से बौखलाए भाजपाई समाजवादियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। कई जनपदों से इस तरह की शिकायतें मिल रहीं हैं। जल्द ही इस बारे में रणनीति तैयार की जाएगी। मंगलवार को यह बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कन्नौज से नवनिर्वाचित सांसद अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कही। सपा शिक्षक सभा के पदाधिकारियों ने भी उत्पीड़न की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार की शाम को सैफई से लखनऊ जाते वक्त सपा कार्यकर्ताओं ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के तालग्राम कट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष को रोककर स्वागत किया। सपा शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष अमित यादव व जिला सचिव दलगंजन सिंह यादव ने शिकायत की कि चुनाव हारने के बाद भाजपाई सरकार के दम पर कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने लगे हैं। पुलिस के साथ मिलकर सपाइयों पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं।
दलगंजन सिंह को भी विशुनगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। इसमें रामपुर हृदय गांव के कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का हाथ है। इसी तरह कल्यानपुर गांव में भी सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगाए गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस बार जनता ने नकारात्मक राजनीति करने वाले लोगों को आइना दिखाया है। पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी की लहर है और जनता को समझ में आ गया है कि नफरत की राजनीति करने वाले विकास नहीं कर सकते हैं।
पूरे प्रदेश में जहां भाजपा हारी है, वहां से समाजवादियों के उत्पीड़न की शिकायतें मिल रहीं हैं। जल्द ही वह इस बारे में ठोस रणनीति बनाएंगे। किसी भी कार्यकर्ता का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। अखिलेश यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इस मौके पर जिला महासचिव विवेक यादव, अच्छे खां, बृजपाल सिंह शाक्य, अनुज कुमार, तालग्राम चेयरमैन मोहसिन खान उर्फ जानू, तीर्थराज बौद्ध सहित कई सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
