बदायूं: इंजेक्शन लगा दो साहब! मानसिक मंदित ने लगाई गुहार तो फार्मासिस्ट और होमगार्ड ने पीटा, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार: गरीब मजलूमों की स्वास्थ्य सेवा को बनाये गये सरकारी अस्पताल में मानसिक मंदित के साथ पहले फार्मासिस्ट ने मारपीट की उसके बाद सीएमएस के आदेश पर होमगार्ड ने उसके साथ हाथापाई की और धक्के मारकर बाहर निकाल दिया। बंदर के काटने से परेशान युवक एक इंजेक्शन लगाने की गुहार कर रहा था। लेकिन उसे दवा के बदले धक्के मिले। लोग तमाशबीन बने देखते रहे।

थाना व कस्बा दातागंज के वार्ड 13 निवासी संजय मानसिक मंदित है। संजय को चार दिन पूर्व एक बंदर ने काट लिया था। जिससे संजय परेशान था। संजय को दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भी डांट कर भगा दिया गया। उसके बाद गुरुवार को किसी तरह संजय जिला अस्पताल पहुंच गया। उसने ओपीडी के अंदर एक फार्मासिस्ट से बंदर के काटे का इंजेक्शन लगाने की गुहार की। 

संजय परेशान था इसलिए वह झल्ला कर बोला, इसी बात पर फार्मासिस्ट ने उसके साथ मारपीट कर दी, और उसे ओपीडी से बाहर कर दिया। लोगों ने कहा भी कि इसके बंदर ने काट लिया है। इसे इंजेक्शन लगवा दो। लेकिन किसी ने उस पर दया नहीं की। संजय बाहर आ गया और मंदिर के पास खड़ा हो गया। यहां पर लोगों ने उसे घेर लिया। संजय ने बताया कि उसे बंदर ने काट लिया था इसलिए एक इंजेक्शन लगवाने को आया है। 

उसने सीएमएस के दफ्तर में घुसने का प्रयास किया तो सीएमएस डा. कप्तान सिंह ने होमगार्ड को आदेशित करते हुए बाहर निकालने का हुक्म सुना दिया। होमगार्ड ने उसे पकड़ कर बाहर ले जाने की कोशिश की, लेकिन संजय बाहर जाने को तैयार नहीं हुआ। होमगार्ड ने संजय को पकड़ कर जबरन बाहर कर दिया। आस पास तमाम लोग यह नजारा देखते रहे। 

संजय सामान्य रूप से बात करता रहा। उसने कहा कि बंदर ने उसे काट लिया है इसलिए एक इंजेक्शन लगवाने को आया है। यहां पर इंजेक्शन की जगह उसे दुत्कार मिली। यह संवेदनहीन समाज में मजलूमों की परेशानी देखने सुनने वाला कोई नहीं है। लोगों ने कहा कि यहां सरकारी अमला द्वारा एक मानसिक मंदित के साथ इस तरह व्यवहार किया जाना ठीक नहीं है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: बिना अनुमति बनवा रहे थे मदरसा, पुलिस ने रुकवाया निर्माण कार्य

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज