पीलीभीत: एक पेड़ मां के नाम...कैंपेन का बनें हिस्सा, जनपदभर में रोपित किए जाएंगे 36.61 लाख पौधे

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

पीलीभीत, अमृत विचार:  पौधरोपण के माध्यम सामाजिक वानिकी प्रभाग अब घर-घर से रिश्ता मजबूत करने जा रहा है। प्रकृति संरक्षण को लेकर चलने वाली प्लांटेशन ड्राइव के दौरान इस बार एक पेड़ मां के नाम भी रोपा जा सकेगा। मां के नाम से रोपे जाने वाला पौधा सामाजिक वानिकी प्रभाग उपलब्ध कराएगा। यदि आप किसी विशेष प्रजाति का पौधा मां के नाम से रोपित करना चाहते हैं तो निजी खर्च से खरीदकर उसको रोपित करने के साथ उसका संरक्षण आदि कर सकते हैं।

हरियाली को बढ़ावा देने के लिए हर साल ही जिले में अभियान चलाकर पौधरोपण किया जाता है। शासन की ओर से इस बार जनपद को 36,61,700  पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए 27 विभागों को अलग-अलग लक्ष्य आवंटित किया गया है। जुलाई माह में होने वाले वृहद पौधरोपण अभियान को लेकर लगभग सभी विभागों ने तैयारियां कर ली है। 

वहीं इस बार पौधरोपण अभियान के दौरान आम जनमानस की सहभागिता बढ़ाने को शासन के निर्देश पर जनपद में एक पेड़ मां के नाम कैंपेन शुरू होने जा रही है।  मां के नाम पौध लगाने से आशय यह है कि जैसे घर में मां सभी की देखभाल करती है। उसी तरह पेड़ भी सभी को छांव देने के साथ शुद्ध हवा देता है। इसलिए प्रकृति भी मां से कम नहीं है। 

प्रकृति मां की रक्षा करने और सतत जीवन शैली अपनाने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप एक पेड़ सभी लोग अपनी मां के नाम जरुर लगाए। सामाजिक वानिकी प्रभाग इस कैंपेन को वृहद स्वरूप देने की तैयारी में है। इसमें तय हुआ है कि हर तरह की पौध इस पौधारोपण की मुहिम में लगाई जा सकती है। मां के नाम से रोपे जाने वाला पौधा सामाजिक वानिकी प्रभाग उपलब्ध कराएगा। यदि आप किसी विशेष प्रजाति का पौधा मां के नाम से रोपित करना चाहते हैं तो निजी खर्च से खरीदकर उसको रोपित करने के साथ उसका संरक्षण आदि कर सकते हैं।

सरकार ने पौधरोपण अभियान के तहत एक पेड़ मां के नाम लगाने के लिए आम जनमानस को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है। इसे अपने या वन विभाग के सहयोग से किया जा सकता है। प्रकृति संरक्षण में आम जनमानस की सहभागिता बेहद जरुरी है। - मनीष सिंह, प्रभारी डीएफओ, सामाजिक वानिकी प्रभाग

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: जंगल कॉरिडोर से खुलेंगे बाघों में जीन परिवर्तन के रास्ते, प्रजाति और आबादी में प्रभावी बढ़ोत्तरी की संभावना

संबंधित समाचार