अयोध्या: अब दिव्यांग बच्चे के अभिभावक को मिलेगा छह हजार का भत्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दिव्यांग बच्चों को जोड़ने के लिए लागू हुई एस्कार्ट योजना 

अयोध्या, अमृत विचार। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शासन ने बड़ी पहल शुरू की है। अब बच्चों की शारीरिक कमी उनकी शिक्षा की राह में बाधा नहीं बनेगी। अभिभावक बच्चों को छोड़ने स्कूल जाएंगे। इसके बदले अभिभावकों को भत्ता भी दिया जाएगा। एस्कार्ट योजना के तहत दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों को 6000 रुपये की धनराशि प्रतिवर्ष भत्ते के रूप में दी जाएगी। जिसे वह अपने बच्चे को स्कूल लाने ले जाने पर खर्च करेंगे।

दिव्यांग बच्चों को शिक्षित करने के लिए शासन लगातार प्रयास कर रहा है। ऐसे बच्चों के लिए समेकित शिक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इस योजना के तहत अभी तक बच्चों को ट्राई साइकिल या अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे वे स्कूल आ जा सकें। वहीं, जिले में ऐसे कई बच्चे हैं जो स्वयं उपकरणों के सहारे स्कूल आ-जा नहीं सकते। उनको स्कूल आने जाने के लिए किसी न किसी सहारे की आवश्यकता पड़ती है।

बच्चों को उनके अभिभावकों को विद्यालय छोड़ने जाना पड़ता है। ऐसे में गरीब परिवारों पर बच्चों को स्कूल पहुंचाने का अतिरिक्त भार आ जाता है। शासन ने दिव्यांग बच्चों का भार उठाने का निर्णय लिया है। अब सरकार की ओर से उनको प्रतिवर्ष भत्ता दिया जाएगा। एस्कार्ट योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत अभिभावकों को साल में 6000 रुपये भत्ते के रूप में मिलेंगे। जिससे वे अपने बच्चों को आसानी से स्कूल पहुंचा सके। 

60 प्रतिशत से ऊपर उपस्थिति पर मिलेगा भत्ता

बच्चों के चयन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिनकी जांच के लिए समिति गठित की गई है। समिति दिव्यांग बच्चों की सूची का परीक्षण कर पात्र बच्चों को एस्कॉर्ट अलाउंस प्रदान करने पर मुहर लगाएगी। एस्कॉर्ट भत्ता का भुगतान प्रतिमाह उपस्थिति के आधार पर किया जाएगा। 60 प्रतिशत उपस्थिति से कम होने पर भत्ता नहीं दिया जाएगा।

ऐसे मिलेगा अभिभावकों को भत्ता

योजना के तहत 600 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से दस माह का भत्ता खाते में भेजा जाएगा। 70 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले बच्चे योजना के लिए पात्र माने जाएंगे। वहीं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाली बालिकाओं को 200 रुपये देने का प्रावधान है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: अब रात भी दोपहर सी गर्म, तपिश के तेवर अभी नहीं पड़ रहे नर्म

संबंधित समाचार