बरेली: डिब्बों की किल्लत से कई पूजा स्पेशल ट्रेनें रद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। डिब्बों की किल्लत के चलते रेलवे ने कई पूजा स्पेशल ट्रेनें रद कर दी हैं। लाकडाउन में चलाई गई श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के कुछ डिब्बे विभिन्न राज्यों में खड़े कर दिये गये। अब उन डिब्बों की जरूरत पड़ रही है। डिब्बे कम होने की वजह से अब कई ट्रेनों को रद करना …

बरेली, अमृत विचार। डिब्बों की किल्लत के चलते रेलवे ने कई पूजा स्पेशल ट्रेनें रद कर दी हैं। लाकडाउन में चलाई गई श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के कुछ डिब्बे विभिन्न राज्यों में खड़े कर दिये गये। अब उन डिब्बों की जरूरत पड़ रही है। डिब्बे कम होने की वजह से अब कई ट्रेनों को रद करना पड़ रहा है।

त्योहारी सीजन को देखते हुए उत्तर रेलवे ने 20 अक्टूबर से पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया था। इसमें से 14 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव जंक्शन पर था मगर इनमें से करीब आठ ट्रेनें शुरू होने से पहले ही रद कर दी गई हैं क्योंकि इन ट्रेनों के संचालन के लिए कोच ही नहीं है। ऐसे में इन ट्रेनों के संचालन में समस्या आ रही है। बोर्ड से प्रस्ताव पास होने के बाद भी ट्रेनों को रद करना पड़ा है।

लाकडाउन में देश के अलग-अलग प्रदेशों में फंसे श्रमिकों को लाने के लिए रेलवे ने कई श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया था। जिस जिले से श्रमिकों को दूसरी जगहों पर पहुंचाना होता है रेलवे वहीं से कोचों को उठाकर ट्रेनों का संचालन शुरू कर देता है। चूंकि इन ट्रेनों में किसी भी तरह का टिकट नहीं था, इसलिए सिर्फ स्लीपर कोचों को ही इसमें लगाया गया था। ऐसे में कई ट्रेनों के कोच इधर से उधर हो गए।

अब जब ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ तो उन कोचों की जरूरत पड़ी। कोचों को इकट्ठा करने की योजना बनाई गई मगर पंजाब में किसानों के आंदोलन की वजह से वह भी संभव नहीं हो सका। किसानों ने अभी केवल मालगाड़ियों को ही न रोकने का भरोसा दिलाया है। ऐसे में बिना कोचों के अन्य गाड़ियों का संचालन बेहद मुश्किल हो रहा है। यही कारण रहा है कि पूजा स्पेशल ट्रेनों को रद कर दिया गया है।

जंक्शन पर रुकने वाली ये ट्रेनें हुईं रद
जंक्शन पर चलने वाली करीब आठ ट्रेनों का संचालन रद किया गया है। इसमें चंडीगढ़ से लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर 2232, जम्मू तवी से हावड़ा जाने वाली ट्रेन नंबर 2332, श्री माता वैष्णो देवी से वाराणसी की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर 4612, 2029, 2030 समेत अन्य तमाम ट्रेनों को रद किया गया है। वहीं, दूसरी ओर मुरादाबाद मंडल से संचालित होने वाली करीब 18 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।

“श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में लगाए गए कोच अभी विभिन्न राज्यों में फंसे हैं। उन्हें लाने में भी फिलहाल समस्या आ रही है क्योंकि पंजाब में चल रहे आंदोलन की वजह से कई ट्रेनों पर प्रभाव पड़ा है। इसलिए पूजा स्पेशल ट्रेनों को रद किया गया है।” -तरूण प्रकाश, डीआरएम मुरादाबाद मंडल

संबंधित समाचार