प्रतापगढ़: चुनावी खुन्नस में दबंगो ने दम्पत्ति को मारी गोली, हालत गम्भीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़, अमृत विचार। चुनावी खुन्नस में दबंगो ने दम्पत्ति को गोली मार दी। बीच बचाव करने आये उनके बेटे पर भी फायर झोंका। उसे रॉड से मारकर घायल कर दिया। घायल दम्पत्ति को गम्भीर हालत में एसआरएन रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल दम्पत्ति के बेटे की तहरीर पर दो नामजद समेत 14 आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत धाराओं में केस दर्ज किया है। एसपी देर शाम मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया।

मानधाता थाना क्षेत्र के हैंसी परजी ( बीरापुर) में लोकसभा चुनाव की खुन्नस को लेकर बेटू मिश्र,सौरभ मिश्र पुत्रगण इन्द्रेश मिश्र ने 10 - 12 लोगों के साथ बाइक से असलहा लेकर गांव के 44 वर्षीय राजेश प्रताप सिंह पुत्र शारदा प्रसाद सिंह के घर धावा बोल दिया। जब तक वह कुछ समझ पाते आरोपियों ने राजेश के बाएं पैर के जांघ में गोली मार दी। बीच बचाव करने आये 18 वर्षीय रोहन सिंह पुत्र राजेश सिंह पर फायर झोंका,जिसमें वह बच गया तो लोहे की रॉड से हमला कर दिया। शोर सुनकर राजेश की 42 वर्षीय पत्नी गीता देवी आई तो उनके बाएं पैर के गांठ में गोली मार दी। शोर सुनकर लोग दौड़े तो आरोपी भाग गए। पीड़ित ने डायल 112 से पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद एसओ मानधाता सुभाष यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानधाता भेजा गया। घायल दम्पति को वहां गम्भीर हालत में एसआरएन रेफर कर दिया गया। 

सूचना पर एडिशनल एसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह,सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी,एसओ कोतवाली देहात विनीत उपाध्याय भी पहुंच गए। एसपी डा.अनिल कुमार देर शाम मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया। पुलिस ने रोहन की तहरीर पर बेटू मिश्र, सौरभ मिश्र समेत 14 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

वर्जन-
हमले की वजह चुनावी खुन्नस बताई जा रही है। तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये टीमों का गठन किया गया है।-दुर्गेश कुमार सिंह,एएसपी पूर्वी

ये भी पढ़ें -लखनऊ: ट्रॉमा के डॉक्टरों पर तीमारदार से अभद्रता का आरोप, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार