मथुरा: गांधी जयंती पर दिल्ली में होगी 'राष्ट्रीय पानी पंचायत', जलपुरुष बोले- भीषण संकट का सामना कर रही दुनिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मथुरा। ‘स्टॉकहोम वॉटर प्राइज’ और रमन मैगसायसाय जैसे अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके जलपुरुष के नाम से विख्यात राजेंद्र सिंह गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली में राष्ट्रव्यापी 'पानी पंचायत' आयोजित करेंगे। उन्होंने कहा कि इन दिनों दुनिया भीषण जल संकट का सामना कर रही है, जिसके चलते एक देश के लोग भोजन-पानी की तलाश में दूसरे देशों में शरण लेने को बाध्य हो रहे हैं, लेकिन उनके संघर्ष को अन्य कारणों से जोड़कर देखा जा रहा है, जो पूरी तरह से गलत है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ लोग आए दिन आने वाली बाढ़ से बचने के लिए अपना प्रदेश और देश छोड़कर दूसरी जगहों में शरण लेने के लिए मजबूर हो रहे हैं तो दूसरी ओर कई देश सामान्य वर्षा होने के बाद भी सूखा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत को भी इस समस्या से निपटने के लिए नए सिरे से सोचना होगा।

जलपुरुष राजेंद्र सिंह ने बताया कि तरुण भारत संघ, जल बिरादरी और सहयोगी संस्था आगामी दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली में 'राष्ट्रीय पानी पंचायत' का आयोजन करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत भी अब जल संकट ग्रस्त देशों में शुमार हो गया है। अनेक महानगरों में पेयजल की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। यही नहीं गांव भी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। इसीलिए देश में भूगर्भ जल का दोहन हद से ज्यादा बढ़ गया है और वहां भी जलस्तर नीचे जा रहा है।

राजेंद्र सिंह ने कहा कि इस स्थिति के पीछे जलवायु परिवर्तन की बहुत बड़ी भूमिका है और उसके लिए भी इंसान खुद जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि इंसान ने अपनी सुविधा के लिए प्राकृतिक संसाधनों का जिस हद तक दुरुपयोग किया है, वही उसके जीवन के लिए खतरा बनती जा रही है। 

ये भी पढ़ें- दिल्ली जल बोर्ड में STP घोटाला मामला: ED की कई शहरों में छापेमारी, जानिए क्या-क्या मिला?

संबंधित समाचार