Banda News: प्राथमिक शिक्षक संघ ने आंदोलन की तारीखों का किया ऐलान, 23 जुलाई को बीएसए कार्यालय में देंगे धरना
बांदा में 23 जुलाई को बीएसए कार्यालय में देंगे धरना
बांदा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने संघर्ष हेतु रणनीति तैयार कर ली है। जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि पूर्व में प्रदत्त मांग पत्र जिसमें राज्य कर्मचारियों की भांति एक कैलेंडर वर्ष में 31 उपार्जित अवकाश, प्रत्येक माह के द्वितीय शनिवार का अवकाश, अर्ध अवकाश और शिक्षकों की समस्याओं को समझते हुए स्पष्ट और व्यवहारिक लीव मॉड्यूल तैयार किए जाने पर जोर दिया।
बताया कि मांगों के पूरी न हाेने की दशा में शिक्षक हितों के संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने आगामी संघर्ष की तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि प्रथम चरण में 11 और 12 जुलाई को बीआरसी स्तर पर 2 बजे से 4 बजे तक धरना दिया जाएगा और शिक्षक, शिक्षिकाओं के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
वहीं 12 जुलाई को सभी ब्लॉक इकाई कार्यसमितियां एक प्रस्ताव पारित करेगी और जनपद को उपलब्ध कराएंगी। 14 जुलाई को जिला कार्यसमिति की बैठक में ऑनलाइन हाजिरी के आदेश के विरुद्ध प्रस्ताव पारित कर 15 जुलाई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा तथा मांगे न मानी जाने पर 23 जुलाई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया जायेगा। इसके बाद आगामी आंदोलन की तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी।
