राहुल गांधी ने रायबरेली में की जनसमस्याओं की पड़ताल, शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह के माता-पिता से भी मिले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के एक दिवसीय दौरे में जनसमस्याओं की पड़ताल की और निराकरण का आश्वासन दिया। मौसम खराब होने के कारण राहुल गांधी आज अपरान्ह सड़क मार्ग से रायबरेली पहुंचे और दौरे की शुरुआत हनुमान मंदिर में पवनपुत्र श्री हनुमान की पूजा-अर्चना कर की। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी शहीद सैन्य अधिकारी अंशुमान सिंह के माता-पिता से मिले। राहुल गांधी ने चिकित्सकों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होने अधिवक्ताओं के एक डेलीगेशन से भी मुलाकात की और अधिवक्ता कल्याण कोष जैसी मांगों पर आश्वासन दिया। राहुल गांधी ने इस दौरान पूर्व कांगेस विधानसभा और नगर पंचायत प्रत्याशियों से मुलाकात की। इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं, पूर्व विधायक और पूर्व सांसदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मिले।  

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वह आगामी बजट सत्र में बेरोजगारी महंगाई, पेपर लीक जैसी समस्याओं को उजागर करेंगे। सांसद राहुल गांधी रायबरेली में किसान गोलीकांड शहीद स्मारक पर गये और किसानों को श्रद्धाजंलि अर्पित की। उन्होने शहीद स्मारक में पौधरोपण किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायबरेली स्थित एम्स पहुंचे और ओपीडी में मरीजों का हालचाल जाना।

गौरतलब है कि चार जून को लोकसभा चुनाव में रायबरेली से विजय के बाद राहुल गांधी की यह दूसरी यात्रा है। इसके पहले वह अपनी बहन प्रियंका गांधी और अमेठी के नवनिर्वाचित सांसद किशोरीलाल शर्मा के साथ जनता को और कार्यकर्ताओं को आभार व्यक्त करने एक सभा में शिरकत कर चुके हैं। रायबरेली और अमेठी कांग्रेस के गढ़ के रूप में देखी जाती है। इस लोकसभा सीट को गांधी परिवार की पारिवारिक सीट के तौर पर भी देखा जाता है।

ये भी पढ़ें -गांव में ही रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे युवा, मंजूरी मिलते ही ग्राम पंचायतों में खुलेंगे पुस्तकालय

संबंधित समाचार