सीतापुर: डीएम-एसपी ने श्रावण मास व कांवड़ यात्रा की तैयारियों की देखी हकीकत
नैमिषारण्य/सीतापुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद व पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र आगामी श्रावण मास व कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर नैमिषारण्य पहुंचे। जहां दोनों आला अधिकारियों ने उपजिलाधिकारी मिश्रित, क्षेत्राधिकारी मिश्रित, सिंचाई विभाग, नगर पालिका व संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में देवदेवेश्वर घाट का निरीक्षण किया और अब तक की तैयारियों के बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने राजघाट, चक्रतीर्थ एवं मॉ ललिता देवी मंदिर की साफ-सफाई, बैरीकेटिंग, लाइटिंग, सुरक्षा व्यवस्था आदि व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरा, मोटर बोट, नाव, खोया पाया आदि की जानकारी कर साउंड व माइक की व्यवस्था कराने के निर्देश प्रदान किये। मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने के साथ ही एम्बुलेंस की उपलब्धता एवम स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने नैमिषारण्य थाना प्रभारी को कड़े निर्देश दिए कि श्रावण मास व कावंड़ यात्रा के दौरान रुट डायवर्जन को पहले से ही सुनिश्चित करा लिया जाये। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिये कि कांवड़ रुट में पड़ने वाली सड़कों के गड्ढे आदि दुरस्त करा लें। पर्याप्त विद्युत लाइटिंग व जनरेटर की व्यवस्थाओं को समय पूर्ण करने के निर्देश संबंधित को प्रदान किये। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद व पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने देवदेवेश्वर मंदिर मे पूजन अर्चन कर माथा टेककर जनपद की खुशहाली की कामना की।
ये भी पढ़ें -कर्नाटक में भूस्खलन से एक ही परिवार के 5 लोगों समेत 7 की मौत की आशंका, बचाव कार्य जारी
