Kanpur News: भाजपा नेता के खिलाफ मोर्चा, अनशन की चेतावनी...ये है पूरा मामला
शास्त्री नगर श्रमिक बस्ती में गोदाम की भूमि पर कब्जे को लेकर भाजपा नेता आमने-सामने
कानपुर, अमृत विचार। श्रमिक बस्ती शास्त्री नगर में गोदाम की जमीन से कब्जे हटाने को लेकर पूर्व पार्षद और भाजपा नेताओं ने अपनी ही पार्टी के नेता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को पूर्व पार्षद राघवेंद्र मिश्रा समेत कई नेताओं ने अपर श्रम आयुक्त से मिलकर प्रकरण में कार्रवाई नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी।
अमृत विचार की खबर बाद पहुंचे भाजपा नेताओं ने कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत की वजह से कब्जे हटाने के आदेश के बाद भी भूमि खाली नहीं कराई जा रही है। जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो एक अगस्त से श्रम आयुक्त के कार्यालय के बाहर साथी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता के साथ आमरण अनशन किया जाएगा।
श्रमिक बस्ती शास्त्री नगर में गोदाम की जमीन और नहर पटरी पर कब्जों को लेकर भाजपाई आमने-सामने हैं। पूर्व पार्षद व भाजपा सिविल लाइंस मंडल प्रभारी राघवेंद्र मिश्रा और वर्तमान मंडल अध्यक्ष वात्सेय त्रिपाठी ने पार्टी के नेता सर्वेश शुक्ला बमबम पर कब्जे का आरोप लगाया है। इस संबंध में समाचार प्रकाशित होने के बाद भाजपा नेताओं के बीच मोर्चा खुल गया है।
एक बार फिर भाजपा नेताओं ने अपर श्रम आयुक्त पीके सिंह से मिलकर कहा कि तमाम शिकायतों और आदेश के बाद भी अधिकारी कब्जे हटाने की कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उनकी लापरवाही से सरकार की छवि धूमिल हो रही है। अपर श्रम आयुक्त पीके सिंह ने कहा कि कब्जेदारों को 15 दिन का दिया गया है। उन्होंने नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
यह है पूरा मामला
भाजपा के पूर्व पार्षद ने शिकायत की है कि खुद को भाजपा नेता बताने वाले सर्वेश शुक्ला ने सरकारी जमीन पर छोटे-छोटे कमरे बनाकर किरायेदारी में उठा रखा है। सहायक श्रमायुक्त यशवंत कुमार ने जांच में गृह संख्या 413/5 और 415/5 में अतिक्रमण पाया था। इसके साथ की सरकारी जमीन पर अवैध बाउंड्रीवाल भी बनी मिली थी। सहायक श्रमायुक्त की इस रिपोर्ट पर अपर श्रमायुक्त पीके सिंह ने अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिये हैं। इस संबंध में भाजपा नेता सर्वेश शुक्ला का कहना है कि उनका कोई कब्जा नहीं है। अधिकारी जांच करा लें।
ये भी पढ़ें- Kanpur: बेटे को लेकर 30 घंटे से ससुराल के गेट पर बैठी महिला; ससुरालियों की बेरूखी कायम, नहीं खोला गेट
