लखनऊ : होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परिजन बोले प्राइवेट नौकरी छूटने से परेशान था, पुलिस ने दरवाजा तोड़ निकाला शव, नहीं मिला सुसाइड नोट

लखनऊ, अमृत विचार : नाका थाना क्षेत्र के एक होटल में बुधवार को युवक का शव फंदे से लटका मिला। वह मंगलवार को होटल में रुका था। सुबह स्टॉफ ने कमरे में जाकर देखा तो घटना पता चली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, तालकटोरा थाना अंतर्गत पाल तिराहा निवासी वीरेंद्र कुमार (28) प्राइवेट नौकरी करता था। मंगलवार रात करीब 10 बजे वीरेंद्र ने नाका स्थित सुदर्शन सिनेमा के सामने चारबाग दूध मंडी रोड के पास होटल सुगंधा में कमरा बुक कराया था। लोकल आईडी होने पर मैनेजर ने होटल में रुकने की वजह पूछी। बताया कि उसे सुबह ट्रेन पकड़नी है। इसके चलते मैनेजर ने कमरा दे दिया।

स्टाफ के अनुसार, अंदर जाने के बाद वीरेंद्र एक बार भी कमरे से बाहर नहीं निकला। बुधवार को स्टॉफ चेक आउट के लिए पहुंचा। दरवाजा खटखटाने के बाद नहीं खुला। अनहोनी की आशंका में मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़ा तो वीरेंद्र का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस की सूचना पर पहुंचे पिता बाबादीन ने बताया कि कुछ समय पहले तक वीरेंद्र नौकरी करता था। कुछ दिन पहले नौकरी छूट गई। इसके बाद से वह मानसिक परेशान था। इंस्पेक्टर वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल परिजन घटना का कारण तनाव होना बता रहे हैं। कमरे की जांच में कुछ संदिग्ध गतिविधि नहीं दिखी। बताया कि परिजन के प्रार्थना-पत्र मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें- यौम-ए-आशूरा : तन पर भगवा वस्त्र, गले में रुद्राक्ष की माला और जुबां पर इमाम हुसैन की सदाएं-कौन हैं ये स्वामी सारंग

संबंधित समाचार