बरेली: सावन में भारी वाहनों और बसों का रूट डायवर्जन लागू, यहां जानें जिले में कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्ग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सावन में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों और बसों का रूट डायवर्जन लागू किया है। डायवर्जन 22 जुलाई से 19 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। भारी वाहनों का डायवर्जन प्रत्येक शुक्रवार रात 8 से सोमवार रात 10 बजे तक और रोडवेज बसों का रविवार सुबह 6 बजे से सोमवार रात 10 बजे तक लागू रहेगा।

पुलिस अधीक्षक यातायात शिवराज ने बताया कि रूट डायवर्जन के तहत झुमका तिराहा से मिनी बाईपास की तरफ भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के भारी वाहन ट्यूलिया अंडरपास से आवागमन कर सकेंगे। लखनऊ से बरेली होकर दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहन फतेहगंज पूर्वी से नवादा मोड़, दातागंज-बदायूं रोड, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की तरफ जा सकेंगे।

बरेली से मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास होते हुए मिलक- शाहबाद-चंदौसी, अनूप शहर, नरौरा अलीगढ़, आगरा होकर जा सकेंगे। बरेली से लखनऊ की तरफ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास, फरीदपुर, शाहजहांपुर होते हुए जाएंगे। शाहजहांपुर में कांवड़ियों की संख्या अधिक होने पर वाहनों को बरेली से बड़ा बाईपास, भुता- बीसलपुर होते हुए आगे भेजा जाएगा। महानगर बरेली में इन्वर्टिस तिराहा, बीसलपुर रोड, विलयधाम, बिलवा पुल से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

यहां से गुजरेंगी रोडवेज बसें
रोडवेज बसों समेत छोटे वाहनों का रूट डायवर्जन प्रत्येक रविवार को सुबह 6 बजे से सोमवार रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसमें पुराना बस अड्डा से सभी रोडवेज बसें और हल्के वाहन पटेल चौक, चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, मालियों की पुलिया सेटेलाइट होकर जा सकेंगे। दिल्ली की ओर जाने वाली रोडवेज बसें और हल्के वाहन सेटेलाइट से नरियावल, टीपीनगर, इन्वर्टिस तिराहा, बड़ा बाईपास, झुमका तिराहा होते हुए रामपुर की ओर जा सकेंगे।

लखनऊ की ओर जाने वाली रोडवेज बसें और हल्के वाहन सेटेलाइट से नरियावल, टीपीनगर, फरीदपुर होते हुए शाहजहांपुर की ओर जाएंगे। बरेली से आगरा-मथुरा की ओर जाने वाली रोडवेज बसें व हल्के वाहन सेटेलाइट, इन्वर्टिस, बड़ा बाईपास, झुमका तिराहा, मिलक, शाहबाद, बिलारी, बबराला, नरौरा, अलीगढ़ होते हुए आ-जा सकेंगे। बरेली से बदायूं जाने वाली रोडवेज बसें व हल्के वाहन लाल फाटक, रामगंगा पुल पार कर, अखा मोड़, अलीगंज, आवंला, कुंवर गांव होकर आ-जा सकेंगे।

जिले में कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्ग
-कछला घाट (बदायूं)-बरेली-बदायूं मार्ग पूरी तरह कांवड़ यात्रा के लिए समर्पित रहेगा। इस दौरान रोडवेज बसें, हल्के वाहन व अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को निर्धारित डायवर्जन से धीरे-धीरे निकालने की व्यवस्था रहेगी। पीलीभीत जिले के कांवड़िये महानगर से विलयधाम होते हुए जाएंगे।

-ब्रजघाट (गढ़ मुक्तेश्वर-हापुड़)-रामपुर से झुमका-बड़ा बाईपास-शाहजहांपुर तक के मार्गों में एक लेन कांवड़ यात्रा के लिए समर्पित रहती है। रोडवेज बसें, हल्के वाहन और अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को निर्धारित डायवर्जन से धीर-धीरे निकालने की व्यवस्था रहेगी।

-हरिद्वार से रुद्रपुर-बहेड़ी होकर बिलवा पुल से आकर श्रद्धालु जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। बिलवा पुल-विलयधाम से कांवड़िये पीलीभीत-बीसलपुर-खीरी (गोला गोकर्णनाथ), शाहजहांपुर के लिए निर्धारित रूट पर जाएंगे।

-महानगर बरेली में रामगंगा तिराहा से चौपुला तक एवं चौपुला से किला एवं पटेल चौक तक किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

-झुमका तिराहा से महानगर तक का मार्ग कांवड़ यात्रा के लिए रहेगा। इस दौरान हल्के वाहनों के साथ अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को धीरे-धीरे निकालने की व्यवस्था रहेगी।

संबंधित समाचार