Kanpur Dehat Crime: विवाहिता की मौत...मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का लगाया आरोप, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप

कानपुर देहात, अमृत विचार। जुरिया गांव में जहरीला पदार्थ खाने से एक महिला की मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।

जनपद फ़िरोज़ाबाद के थाना नगला खंगर क्षेत्र के नगला ताल गांव निवासी निजामुद्दीन की पुत्री आशिया (26) शादी मंगलपुर थाना क्षेत्र के जुरिया गांव निवासी अन्नू के पुत्र महबूब से 16 जून 2018 को हुई थी। शादी के कुछ दिन बीतने के बाद आशिया अपने मायके चली गई थी। करीब चार वर्षाें से आशिया अपने मायके में रह रही थी। उसकी बहन की करीब एक माह पूर्व शादी थी। 

जिसमें शामिल होने के लिए महबूब फिरोजाबाद गया हुआ था। करीब 19 दिनों पूर्व महबूब की संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में मौत हो गई थी। उसके शव के साथ आशिया अपने ससुराल आई। जहां आशिया ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। ससुराल के लोग उसे सीएचसी झींझक ले गए। उपचार के बाद उसे घर लाए थे। 

जहां शुक्रवार रात आशिया की मौत हो गई। जानकारी पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगाें ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। तहसीलदार जितेंद्र दुबे के सामने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

ये भी पढ़ें- Kanpur Crime: सड़क किनारे पड़ा मिला युवक का शव...घटनास्थल के पास में मिली क्षतिग्रस्त मोपेट, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 

संबंधित समाचार