Kanpur Accident: बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक की फिसली बाइक...एक की मौत, एयरफोर्स स्टेशन रोड के पास हुई घटना
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवक की बाइक फिसल गई। जिससे उसमें बैठे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। उन लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को एंबुलेंस में लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया वहीं दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुराना गौशाला जाजमऊ निवासी 17 वर्षीय हरीओम प्रजापति इंटर में केवीएम का छात्र था। गैस, चूल्हा रिपेयरिंग करने वाले पिता ने बताया कि बुधवार को बेटा अपने दोस्त शुभ के साथ चकेरी एयरफोर्स स्टेशन के पास रहने वाले दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गया था।
जहां से रात में लौटने पर उसकी बाइक एयरफोर्स स्टेशन रोड पर अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिसके कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हैलट अस्पताल पहुंचे हरीओम ज्यादा घायल होने के कारण दम तोड़ दिया वहीं शुभ की हालत गंभीर बनी हुई है। बेटे की मौत की जानकारी जैसे ही मां अर्चन और छोटे भाई विवाक को हुई तो वह लोग सदमे में आ गए।
पेड़ की डंगाल गिरी बाइक सवार पिता की मौत, बेटा बचा
छावनी थानाक्षेत्र में पीएसी मोड़ सदुल्लापुर निवासी 32 वर्षीय गोलू मिश्रा फल का ठेला लगाता था। परिजनों ने बताया कि रविवार को वह अपने बेटे युवराज की दवा लेने के लिए घर के पास गए थे। जहां से वह रविवार को दोपहर में घर लौट रहे थे, अभी वह डीएमएसआरडी के सामने पहुंचे ही थे, कि तेज हवा चलने के कारण पेड़ की डंगाल टूटकर उसी पर गिर गई।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया वहीं, बेटा को आंशिक चोट आईं। आसपास के लोगों की सूचना पर गोलू को हैलट अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। हादसे में मौत के बाद गोलू की पत्नी सरिता बदहवास हो गई।
