कासगंज: ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत; मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, जांच में जुटी पुलिस
भरगैन, अमृत विचार। कस्बा भरगैन में मकान निर्माण को लेकर चले आ रहे विवाद को लेकर दो पक्षों की बीच ताबड़तोड फायरिंग हुई। फायरिंग से कस्बे में दहशत फैल गई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर फायरिंग कर रहे लोग भाग उठे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
कस्बा निवासी शाहआलम और मुहम्मद हसन के बीच मकान निर्माण को लेकर विवाद था। बीती रात सात अगस्त को दोनों पक्षो की बीच झगडा हुआ था। उस दिन तो झगड़ा शांत हो गया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच अंदर खाने उबाल बना हुआ था। मंगलवार को इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने सामने आ गए।
दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग की गई। जिससे क्षेत्र में अफरा तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पटियाली के इंस्पेक्टर गोविंद वल्लभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही फायरिंग कर रहे लोग फरार हो गए। फायरिंग की घटना से स्थानीय लोग दहशत में है।
घटना का वीडियो हुआ वायरल
कस्बा भरगैन में जब दोनों पक्षों में फायरिंग की जा रही थी, तो तामाशबीनों ने घटना की वीडियो मोबाइल से बना ली और इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस घटना को लेकर गंभीर है। दोनों पक्षों पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जाएगी।– राजकुमार पांडेय, सीओ पटियाली।
