देहरादून दुष्कर्म मामला : तीन माह पहले हुई थी किशोरी की शादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिता की मौत के बाद सदमे में थी पीड़िता, गांव वालों ने खोला राज, मां की विधुर से शादी के बाद सौतेले पिता के साथ रह रहीं थी दोनों बहनें

 मुरादाबाद, अमृत विचार : देहरादून में बस में मुरादाबाद की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। पीड़िता अपने सौतेले पिता के साथ रहती थी। पिता की मौत के बाद उसकी मां ने विधुर से शादी की थी। परिजनों ने तीन माह पहले किशोरी की शादी करा दी थी। शादी के एक सप्ताह बाद वह बिना बताए ही ससुराल से चली आई थी। किशोरी 10 दिन पहले बिना बताए घर से गायब हो गई। इसके बाद परिजनों को रविवार को उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की जानकारी मिली।

मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव निवासी पीड़िता की भाभी ने बातचीत में बताया कि परिवार के लोग भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। उनके पति और देवर दिल्ली में नाई का काम करते हैं। उसने बताया कि उनकी ननद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। 10 दिन पहले लोग भट्ठे पर गए हुए थे। इसी दौरान किशोरी बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। 11 अगस्त को मुरादाबाद से बस में सवार होकर देहरादून के लिए निकली थी। इसी दौरान देहरादून आईएसबीटी पर बस चालक समेत कई लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे बस अड्डे पर छोड़कर फरार हो गए।

पीड़िता के घर के आसपास के लोगों ने चौंकाने वाले राज खोले हैं। उनका कहना है कि पीड़िता के पिता की मौत हो चुकी है। उसकी मां ने विधुर से दूसरी शादी की है। पीड़िता दो बहनें हैं। दोनों ही मां समेत सौतेले बाप के साथ ही रहती हैं। घरवालों ने तीन माह पहले किशोरी की शादी कर दी थी। शादी के एक सप्ताह बाद बिना बताए ही ससुराल से चली आई और तब से वह घर पर ही रहती थी। पिता की मौत के बाद किशोरी और उसकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है।

किशोरी का देहरादून में ही चलेगा इलाज

गांव के प्रधान ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि रविवार को वह पीड़िता के परिवार को लेकर देहरादून के लिए रवाना हुए थे। किशोरी की पहचान के बाद वह घर वापस लौट रहे हैं। सोमवार देर रात तक घर पहुंच जाएंगे। उन्होंने बताया कि किशोरी की सीडब्ल्यूसी काउंसलिंग चल रही है। फिलहाल उसे इलाज के लिए कुछ दिन वहां रोका गया है। उन्होंने बताया कि पहले किशोरी ने अपना पता पंजाब का बताया था। लेकिन गंभीर पूछताछ के बाद मुरादाबाद के होने सहित अन्य जानकारी साझा की।

ये भी पढ़ें- शिवसेना नेता ने भाजपा के रवींद्र चव्हाण को बताया ‘बेकार मंत्री’, फडणवीस ने किया पलटवार

 

संबंधित समाचार