बहराइच: महिला की गला रेतकर हत्या, केस दर्ज
सेवानिवृत्त डाक कर्मचारी की पत्नी थी महिला
बहराइच, अमृत विचार। जनपद के सेमरीघटही गांव निवासी सेवानिवृत्ति डाक कर्मचारी के पत्नी की घर में ही गला रेतकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेले रहती थी, उसके पति की काफी पहले मौत हो चुकी है।
कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरीघटही निवासी राम बिट्टी (45) पत्नी प्यारेलाल घर में अकेली रहती थी। उनके कोई संतान नहीं है। महिला की मंगलवार शाम छह बजे अज्ञात लोगों ने गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव छोड़ कर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने महिला को काफी देर तक घर से बाहर निकलते नहीं देखा, उसके बाद स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई। इस पर सभी के होश उड़ गए। महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गांव से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर रह रही महिला रिश्तेदार को सूचना दी गई। गिरधरपुर गांव निवासी जगरानी पत्नी सियाराम ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें लिखा है कि अज्ञात लोगों ने भाभी की गला रेतकर हत्या कर दी है। कोतवाल अमितेंद्र कुमार ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कोतवाल ने बताया कि महिला के पति की भी लगभग 10 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उसके कोई संतान नहीं है। गांव के लोगों ने बताया कि महिला के पति डाक विभाग में कर्मचारी थे। वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनकी मौत हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- अयोध्या : यही रफ्तार रही तो परिषदीय विद्यालय बन चुके निपुण.!
