रुद्रप्रयाग: बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा पर ब्रेक, भूस्खलन का बड़ा खतरा, प्रशासन अलर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रप्रयाग, अमृत विचार। बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा पर ब्रेक लग गया है। आज सुबह से यात्रा को सोनप्रयाग से रोक दिया गया है। बारिश से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आपको बता दें कि अभी तक भूस्खलन व अतिवृष्टि से यात्रियों व स्थानीय नागरिकों समेत 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। 

सोनप्रयाग से केदारनाथ तक हाईवे और पैदल मार्ग भूस्खलन की दृष्टि से अति संवेदनशील है और जानमाल की क्षति का खतरा बना है। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर बीते 21 जुलाई को तड़के चार बजे चीरबासा में भारी भूस्खलन की चपेट में आने से तीन यात्रियों की मौत हो गई थी।

इस दौरान पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और टनों मलबा गिरा था, जिससे पांच यात्री घायल भी हो गए थे। इसके बाद बीते 31 जुलाई की देर शाम को भीमबली से लिनचोली के बीच अतिवृष्टि से हजारों यात्री फंस गए थे। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड सहित स्थानीय लोगों के द्वारा 13 हजार से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया गया।
फिलहाल सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच दोतरफा आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए। कहा कि, बारिश होने की स्थिति में यात्रियों की आवाजाही को रोकें।

संबंधित समाचार