हल्द्वानी: तीन बच्चों के साथ महिला ने किया गौला पुल से छलांग लगाने का प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पति से विवाद के बाद पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ आत्महत्या करने निकल पड़ी। वह बच्चों के साथ गौला पुल से छलांग लगाने वाली थी कि तभी पुलिस ने उसे रोक लिया। उसे थाने लाया गया और समझा-बुझा कर घर भेज दिया गया। गनीमत रही कि जिस वक्त महिला गौला पुल पर पहुंची, वहां पहले से पुलिस तैनात थी। 

गफूरबस्ती बनभूलपुरा निवासी एक व्यक्ति पेशे से मजदूर है और यहां दूसरी पत्नी व बच्चों के साथ रहता है। पुलिस के मुताबिक कुछ साल पहले उसकी पहली पत्नी की मौत हो गई थी। पहली पत्नी से उसकी एक 10 साल की बेटी है। कुछ साल पहले वह मजदूरी करने बिहार गया था।

जहां उसने दूसरी शादी कर ली और पत्नी को लेकर बनभूलपुरा आ गया। दूसरी पत्नी से उसके तीन बच्चे हुए। दूसरी पत्नी एक अस्पताल में नौकरी करती है। बताया जाता है कि सोमवार को महिला का अपने पति के साथ विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि महिला ने जान देने का फैसला कर लिया। सोमवार रात वह अपने तीनों बच्चों को लेकर गौला पुल पर पहुंच गई। उसने छोटे बच्चे को गौला पुल से नीचे लटका दिया, तभी वहां खड़ी पुलिस पिकेट की नजर पड़ गई।

पुलिस दौड़ कर मौके पर पहुंची और महिला के हाथ से बच्चे को छीन लिया। पुलिस महिला, उसके तीन, चार व पांच साल के बच्चे को लेकर थाने पहुंची। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि पति-पत्नी में आये दिन विवाद की वजह से महिला ने जान देने की कोशिश की। महिला के पति को थाने बुलाया गया। जहां दोनों की काउंसलिंग करा कर घर भेज दिया गया।

संबंधित समाचार