हल्द्वानी: सेवानिवृत्त वन दरोगा को ठगने वाले गाजियाबाद के ठग गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। माता-पिता का श्राद्ध करने जा रहे सेवानिवृत्त वन दरोगा को ठगने वाले शातिर पुलिस के हत्थे चढ़े गए। दोनों पेशे से मजदूर हैं और हल्द्वानी में अधिकारी बनकर लोगों को ठगते थे। दरोगा को ठगने के बाद एक शिकार पर शातिर निकले तो हीरानगर पुलिस के चंगुल में फंस गए। 

मूलरूप से जलना नीलपहाड़ी पहाड़पानी नैनीताल निवासी 60 वर्षीय सेवानिवृत्त वन दरोगा मोहन सिंह पडियार यहां बिठौरिया नंबर एक शिवालिक विहार फेस तीन में रहते हैं। 23 सितंबर को वह माता-पिता का श्राद्ध करने पहाड़पानी जा रहे थे। कालाढूंगी चौराहे मिले एक बाइक सवार दो लोगों ने खुद सरकारी अधिकारी बताकर उन्हें झांसे में ले लिया। जालसाजों ने उनसे साढ़े 9 हजार रुपये कैश और एटीएम कार्ड ले लिया। जालसाजों ने एटीएम पिन भी हासिल कर लिया। जिसके बाद उन्होंने एटीएम से 35 हजार रुपये निकाले फिर 2960 व 1800 रुपये एक स्वीट हाउस से स्वैप कराए। 

एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा की सख्ती के बाद तलाश में जुटी हीरानगर पुलिस चौकी प्रभारी एसआई विजयपाल सिंह, हेड कांस्टेबल कमल पांडे, कांस्टेबल ललित नाथ व सीसीटीवी प्रभारी जितेंद्र बुधलाकोटी की मदद से आरोपियों की पीछा किया। मंगलवार को आरोपी तरण ताल के पास एक और घटना को अंजाम देने निकले और पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपी रैकी कर भोले-भाले लोगों को निशाना बनाते थे। पकड़े गए आरोपियों में डासना बेब सिटी गाजियाबाद निवासी कमरुद्दीन पुत्र बुन्दु व कैलाशनगर विजयनगर गाजियाबाद निवासी प्रदीप कुमार पुत्र प्रभु सिंह हैं। आरोपियों के पास से ठगे गए 35,100 रुपये भी बरामद किए गए हैं।  

संबंधित समाचार