Prahlad Joshi: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के भाई गोपाल जोशी गिरफ्तार, जानिए क्या मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेंगलुरु। पुलिस ने जनता दल (सेक्युलर) के एक पूर्व विधायक की पत्नी द्वारा दायर शिकायत के आधार पर शनिवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के भाई को गिरफ्तार कर लिया। गोपाल जोशी और विजयलक्ष्मी जोशी नामक महिला के खिलाफ बसवेश्वरनगर पुलिस ने बृहस्पतिवार रात मामला दर्ज किया था। गोपाल के बेटे अजय जोशी को भी प्राथमिकी में नामजद किया गया है। 

यह शिकायत नागथान के पूर्व विधायक डी. फूल सिंह चव्हाण की पत्नी सुनीता चव्हाण ने दायर की थी। फूल सिंह चव्हाण, 2023 में विधानसभा चुनाव हार गए थे। सुनीता ने आरोप लगाया है कि गोपाल जोशी ने मई में हुए लोकसभा चुनाव में उनके परिवार के सदस्य को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का टिकट दिलाने के बहाने उनसे दो करोड़ रुपये की ठगी की। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि विजयलक्ष्मी को उनसे प्रह्लाद जोशी की बहन के रूप में मिलवाया गया था। 

हालांकि, संसदीय कार्य, कोयला और खान मंत्री ने स्पष्ट किया है कि उनकी कोई बहन नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके केवल तीन भाई हैं, जिनमें से एक की 1984 में महाराष्ट्र के अहमदनगर में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। मंत्री ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उन्होंने तीन दशक से भी अधिक समय पहले अपने भाई (गोपाल जोशी) से नाता तोड़ लिया था। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि उन्होंने अदालत में एक हलफनामा दाखिल किया था और एक सार्वजनिक नोटिस भी प्रकाशित किया था, जिसमें कहा गया था कि जो कोई भी उनका भाई, रिश्तेदार या दोस्त होने का दावा करता है और किसी भी वित्तीय लेन-देन में शामिल है, वह उनपर बाध्यकारी नहीं होगा।  

ये भी पढ़ें- बहराइच सांप्रदायिक हिंसा पर जानिए क्या बोले दोनों समुदाय के लोग, चश्मदीदों ने बताया आंखों-देखा हाल

संबंधित समाचार