मुरादाबाद : मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा- कुंदरकी में अब विकास की होगी राजनीति, टोली बनाकर घर-घर वोटर सूची लेकर जाएं कार्यकर्ता

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बात करते प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह।

मुरादाबाद । प्रदेश सरकार के पशुपालन व दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव में मुख्यमंत्री द्वारा गठित मंत्री समूह लगा है। कुंदरकी में अब विकास की राजनीति होगी। उन्होंने 2027 में सपा की ओर से सरकार बनाने के दावे पर कहा कि जनता अपराधीकरण की सरकार और अपराध का संरक्षण करने वाली सरकार को पहले ही नकार चुकी है। सपा के नेता अपराधियों, चोरों को संरक्षण देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा उप चुनाव के अलावा 2027 का विधानसभा चुनाव भी जीतेगी। वह भाजपा कार्यालय पर बुधवार को कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव को लेकर संगठनात्मक कार्यशाला के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि विपक्ष के गठबंधन को जनता नकार चुकी है। भाजपा की जीत उप चुनाव में सभी सीटों पर होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा नीतियों की राजनीति की है। लेकिन विपक्ष जनता को गुमराह करने में लगा है। उप चुनाव में भी जनता ने भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का मन बना लिया है। प्रत्याशी की घोषणा में देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्याशी घोषित है, नाम पर कहा कि कमल का फूल। कहा कि जनता कमल के फूल वाले प्रत्याशी को ही जिताएगी। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री जेपीएस राठौर, जसवंत सिंह सैनी भी मौजूद रहे।

हर शक्ति केंद्र में बूथ की योजना बनाकर बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की करनी है चर्चा : धर्मपाल सिंह
भारतीय जनता पार्टी के बुद्धि विहार स्थित जिला कार्यालय पर बुधवार को कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव को लेकर संगठनात्मक कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी सुभाष यदुवंश रहे। उन्होंने कहा कि टोली बनाकर घर-घर वोटर सूची लेकर भाजपा कार्यकर्ता जाएं। पन्ना प्रमुखों को कड़ी मेहनत कर सभी मतदाताओं को चिह्नित करना है। इसके पहले कार्यशाला बैठक का शुभारंभ भारत माता और पंडित दीनदयाल व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर अतिथियों ने किया। प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश ने कहा कि कुंदरकी विधानसभा के बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक और शक्ति केंद्र प्रभारी उपचुनाव के लिए पूरी तरह जुटें। नामांकन के दिन समाज के सभी वर्ग के मतदाताओं को आमंत्रित करना है। हर बूथ पर वोटर सूची प्रिंट करके देना है। टोली बनाकर घर-घर वोटर सूची लेकर भाजपा के कार्यकर्ता जाएंगे। पन्ना प्रमुखों को कड़ी मेहनत से सभी वोटरों को चिह्नित करने के लिए कहा।

प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की योजना बनाएं। घर-घर टोली संपर्क की योजना बनाकर सभी को उस अनुरूप कार्य आवंटित करें। उसकी नियमित समीक्षा करनी है। मंडल की बैठक में एक-एक शक्ति केंद्र में बूथ की योजना बनानी है। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की चर्चा करनी है। प्रदेश सरकार में सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि बूथ समिति बैठक 28 से 30 अक्टूबर तक करनी है। बैठक में शक्ति केंद्र प्रवासी प्रभारी व संयोजक भाग लेंगे। पन्ना प्रमुख सम्मेलन 1 से 2 नवंबर तक होंगे। इसमें बूथ अध्यक्ष, बीएलए और बूथ के सभी पन्ना प्रमुख रहेंगे। शक्ति केंद्र बैठक में पन्ना प्रमुखों के पेज की योजना बनाकर क्रियान्वन करनी है।

 पन्ना प्रमुख सम्मेलन में सभी पन्ना प्रमुख अपना पेज लेकर आएंगे, ऐसी व्यवस्था करनी है पन्ना प्रमुखों को अपने पन्ने पर अंकित वोटर सूची के नाम से संपर्क करना है और उनका समर्थन लेना व उनका वोट डलवाने का कार्य करना है। मतदान के दिन सभी पन्ना प्रमुखों को अपने पेज के सभी वोटर को घर से निकाल कर बूथ पर लाना है। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं से संपर्क अभियान में 85 वर्ष के ऊपर और 40 प्रतिशत से अधिक के दिव्यांग मतदाता का मतदान बैलेट पेपर द्वारा किया जाएगा। इसके लिए उनसे संपर्क करना है। इस दौरान माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, जिलाध्यक्ष आकाश कुमार पाल, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, जिला सरकारी बैंक के चेयरमैन चौधरी विजय भान सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राकेश सिंह, राजपाल सिंह चौहान, सुरेश सैनी, पूर्व राज्यसभा सांसद वीर सिंह, जिला महामंत्री राजन विश्नोई, हर ज्ञान सिंह, चंद्रपाल सैनी, कमल प्रजापति, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका व बूथों के अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, शक्ति केंद्र प्रभारी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव : बसपा प्रत्याशी रफतउल्ला ने कराया नामांकन, भाजपा-सपा ने अभी तक घोषित नहीं किए कैंडिडेट

 

 

संबंधित समाचार