झारखंड चुनाव: विपक्ष पर CM डॉ. मोहन यादव ने बोला हमला, कहा- यह चुनाव बेईमानों से निपटने का है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रांची/भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने झारखंड से बेईमानी करने वालों नेताओं पर जमकर हमला करते हुए आज कहा कि यह चुनाव बेईमानों से निपटने का चुनाव है। डॉ यादव ने झारखण्ड के महगामा एवं पोरेयाहत विधानसभा में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित किया। 

उन्होंने कहा कि यहां के बेईमान नेता चोर, डाकू, लूटेरे रोटी की जगह पर नोट खाते हैं। मंत्री, पीए और नौकरों के घर से 350 करोड़ रूपए निकलना आश्चर्य की बात है। यह चुनाव सभी बेईमानों से निपटने का चुनाव है। यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के माध्यम से झारखण्ड को विकास के नए आयाम स्थापित करने का चुनाव है। 

झारखण्ड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के चिकित्सक, इंजीनियर, आईएएस, आईपीएस की प्रतिभाओं को आगे आने का मौका नहीं मिलता है। क्योंकि यहां बेईमानों ने कब्जा करके रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी नेताओं के लिए परिवार प्रथम और भाजपा के लिए देश प्रथम है। कांग्रेस के शासनकाल में एक हजार मनरेगा घोटाला, 600 करोड़ जमीन घोटाला, एक हजार करोड़ खनिज घोटाला, शराब घोटाला, सेना की जमीन का घोटाला, नौकरियों में घोटाले हुए हैं।

 ऐसे घोटालेबाजों को घर बैठाना है और संकल्प लेना है कि झारखण्ड में कमल खिलेगा और यह प्रदेश देश के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा। डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आयुष्मान योजना के अंतर्गत गरीबों के लिए 5 लाख रूपए तक का मुफ्त इलाज दिया है। 

किसान सम्मान निधि, उज्जवला योजना जैसी कई योजनाओं के माध्यम से गरीबों का कल्याण किया है। भगवान श्रीराम और श्री कृष्ण के कारण ही भारत की पहचान है। हमारे पूर्वजों ने 500 सालों तक अयोध्या में भगवान श्री राम को विराजमान करने के लिए संघर्ष किया। कांग्रेस के लोग भगवान श्री राम अयोध्या में विराजमान न हो पाएं, इसके लिए हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गए। 

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अयोध्या में श्री राम भगवान का मंदिर बनवाया। आज भगवान मुस्कुरा रहे हैं। भगवान श्री राम और श्री कृष्ण के माध्यम से संस्कारों की त्रिवेणी बही है। संस्कारों के माध्यम से ही दुनिया में पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि यहां पर आदिवासी बहनों को बहला फुसलाकर धर्मांतरण कराकर उनकी जमीनों पर कब्जा किया जाता है। यह लैंड जिहाद और लव जिहाद फैलाते हैं। उनके किए गए हर पाप का हिसाब होगा। 

उन्होंने कहा कि उज्जैन जिले में 2 लाख 85 हजार की आबादी में 500 लोग भी यादव समाज के नहीं हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मूलमंत्र पर आगे बढ़ती रहती है। भाजपा में ही एक छोटे कार्यकर्ता को निचले स्तर से लेकर मुख्यमंत्री पद तक पहुंचा दिया जाता है। यही हमारे कार्यकर्ताओं की ताकत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ाना है।

 झारखण्ड में 38 लाख 44 हजार उज्जवला योजना के हितग्राही और 15 लाख पीएम आवास योजना के हितग्राही है। भारतीय जनता पार्टी ही बांग्लादेशी घुसपैठियों से आपकी बहन, बेटी, घर और जमीन की सुरक्षा करने में सक्षम है। डॉ यादव ने कहा कि आने वाली 20 नवंबर को चुनाव है। हम सभी मुठ्ठी बांधकर संकल्प लें कि भाजपा को वोट देंगे और विजय का उत्सव मनायेंगे और झारखण्ड में विकास की नई इबारत लिखेंगे। 

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव का दावा- महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली ‘महायुति’ के ‘महादुखी’ काल का अंत होगा

संबंधित समाचार