बलिया पुलिस का शर्मनाक कारनामा! खेत से युवक को उठाकर वसूले 100000 रुपए, दो आरक्षी निलम्बित, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बलिया। यूपी में बलिया जिले के नरही क्षेत्र में पुलिस के दो आरक्षियों पर एक युवक को धमकाने और उससे एक लाख रुपये की अवैध वसूली करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने दो आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है और आरोपी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए एक पुलिस कर्मी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि क्षेत्र के भरौली गांव निवासी रूदल यादव ने नरही थाने पर तैनात दो आरक्षियों ऋषिलाल बिन्द व कौशल पासवान पर आरोप लगाया था कि उन्होने 25 नवंबर को उसे थाना पर लाकर ढाई लाख रुपये की मांग की और मांग पूरी न करने पर जेल भेजने की धमकी दी। पीड़ित ने इसके साथ ही एक लाख रुपया लेकर छोड़े जाने का आरोप लगाया था।

रूदल यादव की तहरीर के आधार पर थाना नरही पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2)/309(3)/317(4) में ऋषिलाल बिन्द,कौशल पासवान और मन्टू निषाद जनसेवा केन्द्र के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की जांच में संजय चौधरी और शिवम यादव का नाम भी प्रकाश में आया।

प्रभारी निरीक्षक सुनील चन्द्र तिवारी ने आरोपी आरक्षी ऋषिलाल बिन्द को थाना परिसर तथा जनसेवा केंद्र संचालक मन्टू निषाद व‌ साथी संजय चौधरी और शिवम यादव को भरौली से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वसूली के पांच हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने गुरुवार को बताया कि नरही थाना में तैनात दो पुलिसकर्मी भरौली गांव के रुदल यादव को उठाकर थाना पर ले आए तथा उससे बैरक में ले जाकर डरा धमका कर पैसों की वसूली की गयी। घटना के समय रुदल यादव अपने खेत में काम कर रहे थे। इस सूचना पर तत्काल क्षेत्राधिकारी, सदर से जांच कराई गयी।

जाँच में प्रथम दृष्टया दोनों आरक्षियों की संलिप्तता पायी गयी। इसको देखते हुए तत्काल प्रभाव से कांस्टेबल कौशल पासवान व श्रषिलाल बिन्द को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एंव अनुशासनहीनता बरतने के आधार पर निलम्बित किया गया है।

ये भी पढ़ें- झारखंड विधानसभा का सत्र 9 दिसंबर से आयोजित, स्टीफन मरांडी बनाए गए प्रोटेम स्पीकर

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज