Kanpur: शादी समारोह में गया परिवार, चोरों ने घर से 20 लाख का माल किया पार, रिपोर्ट दर्ज
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में चोरों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शादी समारोह में गए शिक्षक के घर का ताला तोड़कर नकदी जेवर समेत करीब 20 लाख का माल चोरों ने पार कर दिया। पीड़ित जब घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। जिससे उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
अहिरवां सदानंद नगर निवासी अभिषेक सिंह प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि वह मां और भाई के साथ फतेहपुर के औंग में 21 नवंबर को समारोह में शामिल होने गये थे। 28 की शाम जब वह घर लौटे तो मकान के सभी कमरों और बक्सों और अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। अभिषेक ने बताया कि चोर करीब 10 किलो चांदी और आठ तोले सोने के जेवरात, 50 हजार की नकदी और अन्य सामान सहित करीब 20 लाख का माल पार कर ले गये। इतना ही नहीं चोर बैंक आफ इंडिया का एटीएम कार्ड विद्यालय की पासबुक और जरूरी दस्तावेज भी चोरी कर ले गये।
अभिषेक ने बताया कि गुरुवार शाम जब वह लौटे तो टूटे हुए ताले और बिखरा हुआ सामान देखकर उन्हें घटना की जानकारी हुई। अभिषेक ने बताया कि चोर छत के रास्ते जीने का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुए और उन्होंने सभी कमरों के दरवाजों के कुंडे काट डाले थे। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में एसीपी चकेरी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर आसपास क्षेत्र में लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।
