रामपुर : जानलेवा हमले के 10-10 हजार के 2 इनामी आरोपी गिरफ्तार
सिविल लाइन थाने में खड़े आरोपी।
रामपुर, अमृत विचार। जानलेवा हमला करने के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। जबकि बचे आरोपियों को पुलिस तलाश रही है। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
कोतवाली क्षेत्र के राजद्वारा निवासी फिरदौस राशिद खां का कहना था कि उनकी बहन जुबैरिया ने पक्का पुल निवासी साईम एजाज के खिलाफ गंज थाने में घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था। तभी आरोपी उनसे रंजिश रखते हैं। परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हैं। आरोप है कि पीड़ित अपने भाई और पिता सहित किसी परिचित के यहां सिविल लाइंस स्थित एक मैरिज हाल में 13 नवंबर को शादी समारोह में शामिल होने गए थे। तभी आरोपी वहां पहुंचे थे। मैरिज हाल के गेट पर लाईसेंसी बंदूक से फायरिंग की थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने साईम एजाज, उवैज खां, जावेद हाजी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। एसपी ने आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया था। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी जावेद हाजी व शानू खां को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढे़ं : रामपुर : पंजाब सरकार की ढील से अपराधियों के हौसले बुलंद -औलख