लखीमपुर खीरी : यजमान की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना नीमगांव के गांव बिलहरी में श्रीमद् भागवत कथा सुन रहे गांव में कुछ लोगों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि मारपीट करते हुए धारदार हथियारों से भी हमला किया। इससे कथा में भगदड़ मच गई। हमले में यजमान समेत पांच लोग घायल हुए हैं। हालत गंभीर होने पर यजमान का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

गांव बिलहरी में सात दिसंबर से श्रीमद् भागवत कथा चल ही है। इस कथा का 13 दिसंबर को समापन होगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार की रात गांव के ही पांच लोग कथा में आए। सभी शराब के नशे में थे। कथा सुन रहे प्रकाश, हेदन आदि से गाली गलौज करने लगे। इस पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस पर आरोपियें ने वहां मौजूद लोगों की पिटाई शुरू कर दी। इससे पंडाल में भगदड़ मच गई। यजमान देवेश बीच बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनको भी जमकर मारापीटा। धारदार हथियारों से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों ने मामले की सूचना यूपी 112 पुलिस को दी। मौके पर यूपी 112 व थाना नीमगांव पुलिस पहुंची। पुलिस को आते देख आरोपी मौके से खिसक गए। आरोपियों के हमले में देवेश, अनूप, विपिन, प्रकाश और हैदन घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भेजा, जहां से डॉक्टर ने देवेश की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया है। अन्य घायलों को मरहम पट्टी कर छुट्टी दे दी। एसओ सुनीता कुशवाहा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार