बहराइच: करोड़ों की लागत से बना अग्निशमन केंद्र साबित हुआ शो पीस

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

कर्मचारियों के अभाव में नहीं संचालित हो रहा अग्निशमन केंद्र

अनूप मिश्रा/बहराइच। जिले के विशेश्वरगंज विकास खंड में करोड़ों की लागत से अग्निशमन केंद्र बनकर तैयार हो गया है। लेकिन एक भी कर्मचारी केंद्र में तैनात नहीं हैं। जिसके चलते अग्निशमन केंद्र का संचालन जिला मुख्यालय से हो रहा है। करोड़ों की लागत से बना अग्निशमन केंद्र मात्र शो पीस बनकर रह गया है।

ग्राम पंचायतों में लगने वाली आग पर त्वरित काबू पाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से तहसील मुख्यालयों पर अग्निशमन केंद्र का निर्माण कराया गया है। जिस पर करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं। इसका उद्घाटन भी कर दिया गया है। लेकिन अब यह अग्निशमन केंद्र कर्मचारियों की कमी से मात्र शो पीस बनकर रह गए हैं। कुछ यही हाल जिले के विशेश्वरगंज विकास खंड के ग्राम पंचायत शेखपुर का है। पयागपुर तहसील के लिए बने अग्निशमन केंद्र पर 885.54 लाख रुपये खर्च हो गए। 

WhatsApp Image 2024-12-31 at 09.54.47_ed2df8ff

छह माह पूर्व मुख्यमंत्री ने लखनऊ से इस अग्निशमन केंद्र का उद्घाटन भी कर दिया। लेकिन कर्मचारियों के अभाव में केंद्र में ताला लगा हुआ है। जब पयागपुर तहसील क्षेत्र में आग लगती है तो जिला मुख्यालय से कर्मचारी जाते हैं। केंद्र का संचालन जिला मुख्यालय से किया जा रहा है। इससे आग लगने पर लोगों को काफी नुकसान होता है। मालूम हो कि केंद्र का संचालन हो जाए तो तीन लाख की आबादी को इसका लाभ मिलेगा। आग लगने पर कुछ ही मिनट दमकल कर्मी मौके पर पहुंच जाएंगे।

अग्निशमन केंद्र की स्थिति एक नजर में 
अग्निशमन केंद्र 885.54 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इसका निर्माण उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के निर्माण इकाई गोंडा की ओर से कराया गया है। भवन प्रशासनिक के साथ आवासीय भवन श्रेणी के तहत हुआ है। जिसमें दो भवन प्रशासनिक और 24 कमरे कर्मचारियों के लिए है।

शासन को लिखा गया है पत्र
जिले के कुछ अग्निशमन केंद्र में कर्मचारियों की कमी है। विशेश्वरगंज में बने पयागपुर तहसील के केंद्र में कोई कर्मचारी नहीं है। कर्मचारियों की कमी के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। जल्द ही कर्मचारियों के मिलने की उम्मीद है-विशाल रामानुज गौड़, अग्निशमन अधिकारी

ये भी पढ़ें- बहराइच: बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के अपमान पर गृहमंत्री दें इस्तीफा, भाकपा ने प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

संबंधित समाचार