कुमार विश्वास को किसी के निजी जीवन में दखल देने का कोई अधिकार नहीं: KL शर्मा ने बोला हमला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमेठी। कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने रविवार को कवि कुमार विश्वास पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें किसी की निजी जिंदगी में दखल देने का अधिकार नहीं है। विश्वास ने बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री करीना कपूर के बेटे का नाम तैमूर रखे जाने पर हाल में एक विवादित बयान दिया था। 

उन्होंने इससे पहले तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के आवास का नाम ‘रामायण’ होने को लेकर भी एक विवादित टिप्पणी की थी। शर्मा ने कुमार विश्वास के इन विवादित बयानों के बारे में पूछे जाने पर यहां पत्रकारों से कहा कि वह बड़े कवि हैं और उन्हें किसी की निजी जिंदगी में दखल नहीं देना चाहिए। 

अमेठी से लोकसभा सदस्य शर्मा ने कहा, ‘‘ऐसे बयान से उनका (कुमार विश्वास का) कद घटता है, इस तरह की भाषा का प्रयोग उन्हें नहीं करना चाहिए। मैं इस बात का समर्थन नहीं करता हूं। उन्होंने पहले भी इस तरह के बयान राजस्थान में दिये थे तो उनके साथ क्या हुआ, वही जानते हैं।’’ शर्मा ने कहा, ‘‘जब उनकी (कुमार विश्वास की) कोई मंशा होती है तो वह ऐसे बयान देते हैं...।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने कभी भी सेवा में राजनीति नहीं की। सेवा, कांग्रेस की परम्परा रही है, अमेठी और रायबरेली में सेवा की परंपरा गांधी परिवार की प्रेरणा से जारी है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने हमेशा जरूरतमंदों की सहायता की है और यह परम्परा आज भी कायम है। 

शर्मा ने कहा कि जनता-जनार्दन को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों से बात कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। शर्मा अपने निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के दौरे पर हैं और रविवार को उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और वहां पहुंचे लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्या सुनी तथा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। 

ये भी पढ़ें- दिल्ली को PM मोदी की सौगात, 12200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन

संबंधित समाचार