One Nation one Election: पीपी चौधरी की अध्यक्षता में संसदीय समिति की पहली बैठक शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। एक साथ चुनाव कराने संबंधी दो विधेयकों पर विचार के लिए गठित संसदीय समिति की बुधवार को पहली बैठक हुई। सूत्रों ने बताया कि विधि एवं न्याय मंत्रालय के अधिकारी प्रस्तावित कानूनों के प्रावधानों के बारे में समिति के सदस्यों को जानकारी दे रहे हैं। 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद पीपी चौधरी की अध्यक्षता वाली 39 सदस्यीय संयुक्त संसदीय समिति में कांग्रेस से प्रियंका गांधी वाद्रा, जनता दल (यूनाइटेड) से संजय झा, शिवसेना से श्रीकांत शिंदे, आम आदमी पार्टी (आप) से संजय सिंह और तृणमूल कांग्रेस से कल्याण बनर्जी समेत सभी प्रमुख दलों के सदस्य शामिल हैं। चौधरी पूर्व विधि राज्य मंत्री हैं।

संविधान (129वां संशोधन) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश विधि (संशोधन) विधेयक को हाल ही में शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में पेश किया गया था और समिति को भेजा गया था। सरकार ने समिति की सदस्य संख्या 31 से बढ़ाकर 39 करने का फैसला किया, क्योंकि अधिक राजनीतिक दलों ने एक साथ चुनाव कराने संबंधी दो मसौदा कानूनों पर विचार किए जाने की कवायद का हिस्सा बनने की इच्छा जताई थी। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पुरुषोत्तम रूपाला और मनीष तिवारी तथा अनिल बलूनी, बांसुरी स्वराज और संबित पात्रा समेत कई अन्य सांसद भी समिति के सदस्य हैं। इस समिति में लोकसभा से 27 और राज्यसभा से 12 सदस्य हैं।

यह भी पढ़ें:-LPSC निदेशक वी नारायणन होगो इसरो के नए चीफ, जानिए उनके बारे में सबकुछ

संबंधित समाचार