लखीमपुर खीरी: ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पसगवां, अमृत विचार। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाइवे से अजबापुर चीनी मिल मार्ग पर बुधवार की देर शाम ग्राम गोविंदापुर में ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से एक बाइक पर सवार तीन युवकों में एक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
 
पसगवां थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर नाजिर निवासी सुनील कुमार (29) पुत्र कालीचरन गांव के अन्य दो साथियों रितिक (26) पुत्र विपिन कुमार व अंकित उर्फ छोटे (26) पुत्र शिव नारायण के साथ बाइक पर जंगबहादुरगंज से वापस घर जा रहा था। इसी बीच गोविंदापुर में चीनी मिल की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे जेबीगंज चौकी प्रभारी राहुल सिंघल ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां भेजा, जहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। रितिक व अंकित को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक मौका पाकर वाहन सहित फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षतक पसगवां रविंद्र सोनकर ने बताया पीड़ित परिजन की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो लोग घायल

संबंधित समाचार