शाहजहांपुर: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

शनिवार शाम पुवायां रोड पर ब्यूर गांव के पास हुआ हादसा

निगोही/ शाहजहांपुर, अमृत विचार। पुवायां रोड पर शनिवार शाम ट्रक ने ब्यूर गांव के पास सामने से आ रहे बाइक सवार मामा-भांजे को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। वहीं घटना के बाद रोते-बिलखते परिवार के लोग भी निगोही सीएचसी पहुंच गए। जहां शवों को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।

थाना सिंधौली के गांव सुहेली निवासी 19 वर्षीय सोहन पांडेय पुत्र हरेंद्र पांडेय, जनपद पीलीभीत के थाना करेली के गांव कौहारा निवासी अपने 14 वर्षीय भांजे विनीत शुक्ला पुत्र प्रदीप शुक्ला के साथ कौहारा गांव से बाइक से शनिवार शाम को किसी काम से निगोही आया था। गांव कौहारा से निगोही दूरी लगभग 10 किलोमीटर है। शाम करीब साढ़े छह बजे दोनो निगोही से कौहारा गांव के लिए लौट रहे थे। बाइक पुवायां रोड पर गांव ब्यूर के पास पहुंची, तभी पुवायां की ओर से गन्ना भरा ट्रक आ गया। दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस घटना में मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। चालक और हेल्पर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। वहीं घटना के बाद लोगों की भीड़ लग गई। जिससे जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। राहगीरों की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह चौहान पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों शवों को मौके से हटाकर सीएचसी भिजवा दिया और यातायात सामान्य कराया। मृतकों में एक विनीत के पेंट की जेब से मिली एक पर्ची में गांव का पता लिखा था, उसी के जरिये करेली पुलिस को सूचना दी गई, तब परिजनों ने निगोही सीएचसी पहुंचकर दोनों के शवों की शिनाख्त की। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक व हेल्पर की तलाश शुरू कर दी है।  

बुआ की बारात की बज रही थी शहनाई, पलभर में मच गया कोहराम
गांव कौहारा में विनीत शुक्ला की बुआ चुनमुन शुक्ला की शनिवार को बारात आने को थी। घर में शहनाई बज रही थी। महिलाएं मंगलगीत गाने के साथ ही मेहमानों की आवभगत व बारात आने का इंतजार कर रही थीं। बारातियों के लिए पकवान बन रहे थे। हर ओर खुशी का माहौल था लेकिन इसी दौरान विनीत अपने मामा सोहन पांडेय के साथ बाइक से निगोही आ गया। उधर, शाम को खुटार से बारात कौहारा पहुंच गई और विनीत के परिवार वाले बारातियों की आवभगत में लगे हुए थे, इसी दौरान पुलिस के जरिये मामा-भांजे की हादसे में मौत की सूचना पहुंच गई। जिस घर में मांगलिक कार्यक्रम हो रहा था, उस घर में पल भर में ही कोहराम मच गया। जिस किसी ने भी हादसे की खबर सुनी वह सकते में आ गया। परिवार में मची चीख पुकार सुनकर हर किसी की आंखे नम हो रही थीं।

खबर सुनते ही बेसुध हो गई उर्मिला, बेटा भी खोया और भाई भी
इस हादसे की खबर से परिवार की क्या पूरा गांव सदमे में डूबा हुआ था लेकिन उर्मिला के लिए यह हादसा सहन कर पाना मुश्किल हो रहा था। क्योंकि एक तरफ उसके बेटे विनीत का शव पड़ा था तो पास में ही भाई सोहन पांडेय का शव। कभी बेटे तो कभी भाई के शव पर विलाप करते-करते उर्मिला बार-बार बेसुध हो जा रही थी। सोहन चार बहनों में अकेला था, विनीत अपने तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। विनीत से छोटा भाई 10 वर्षीय चंदन और आठ वर्षीय बहन वंदना है।

संबंधित समाचार