Kanpur में केडीए के फ्लैट्स योजना के बहुरेंगे दिन, सड़कों पर लगेगी लाइटें, भरे जाएंगे गड्ढे, खबर छपने के बाद जागे अधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

केडीए अपनी योजनाओं में 11.49 करोड़ रुपये से विकास कार्य करने जा रहा है। यहां ग्रीन बेल्ट और लाइटिंग व्यवस्था सुधरेगी।

कानपुर, अमृत विचार। केडीए अपनी फ्लैट्स योजना में सुविधाओं को बढ़ाने जा रहा है। अब यहां टूटी सड़कों के गड्ढे भरे जाएंगे। रोड डिवायडर, ग्रीन बेल्ट के साथ ही लाइटिंग व्यवस्था सुधरेगी। केडीए अपनी योजनाओं में करीब 11.49 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराने जा रहा है। इसमें विद्युत संबंधी समस्याओं का भी केडीए निदान करेगा। अभी असुविधाओं की वजह से यहां रह रहे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जो लोग फ्लैट्स लेने की सोचते हैं वह यहां अव्यवस्था को देखकर वापस चले आते हैं, और फ्लेट्स खरीदने का विचार बदल देते हैं। 

45

अमृत विचार में खबर छपने के बाद जागे अधिकारी।

केडीए की ओर से शताब्दी नगर और जवाहरपुरम में बनाए गये फ्लैट में लोग रहना नहीं चाहते हैं। विभाग की अलग-अलग 12 योजनाओं में बने 11176 फ्लैट में 7292 फ्लैट खाली हैं। योजना में बने फ्लैट बेचने के लिये अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से सिग्नेचर ग्रींस को छोड़कर बाकी फ्लैट के दाम पूरे वित्तीय वर्ष के लिये फ्रीज कर दिये ताकि लोग फ्लैट को खरीदने आगे आएं। लुभावने ऑफर के तहत इन योजनाओं में ईडब्ल्यूएस फ्लैट की कीमत का 25 प्रतिशत जमा करने और उससे बड़े सभी फ्लैट का कब्जा 50 प्रतिशत धन जमा करने पर कब्जा देने की स्कीम निकाली, लेकिन तमाम जद्दोजहद भी काम नहीं आई। 2024 दिसंबर अंत तक अलग-अलग योजनाओं में 25 फ्लैट बिक सकें। जबकि कई योजनाओं में पंजीकरण के बाद भी 27 लोगों ने फ्लैट सरेंडर कर दिये। इसकी मुख्य वजह यहां खराब सड़कें, गंदगी, पानी, बिजली की समस्या व जर्जर फ्लैट हैं।

केडीए ड्रीम्स और जवाहरपुरम में सड़कों की बदलेगी तस्वीर
जवाहरपुरम सेक्टर 2 में 30 लाख रुपये से मेन रोड के डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट लगेगी। यहां अंधेरे की वजह से सुनसान रहता है। जवाहरपुरम सेक्टर 8 में भी 29 लाख रुपये से केडीए लाइटिंग व्यवस्था करेगा। जवाहरपुर में सेक्टर 13 की सड़कें बुरी तरह खस्ताहाल हैं। इन्हें दुरुस्त करने में केडीए 8.30 लाख रुपये खर्च करेगा। केडीए ड्रीम्स योजना में कैंपस में डिवायडर, मुख्य गेट व अन्य कार्य 6.77 लाख से होंगे। यहां सामने की सड़क दोनों ओर ग्रीन बेल्ट में चेनलिंक फेसिंग का कार्य 6.17 लाख से होगा। इसके साथ ही नलकूप के सुधार का कार्य भी होगा।

बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने को मीटर पैनल होगा स्थापित
जवाहरपुरम योजना सेक्टर 1 में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिये 4.8 करोड़ रुपये मीटर पैनल की स्थापना होगी। शताब्दी नगर फेस 4 में भी पीएम आवास योजना के फ्लैटों में बिजली आपूर्ति के लिये केडीए 1.32 करोड़ रुपये से मीटर पैनल की स्थापना करेगा। यहां अन्य विद्युतीकरण का कार्य भी केडीए कराएगा।

 न्यू कानपुर सिटी में लगेगा एलईडी साइनेज बोर्ड
कल्याणपुर बिठूर मार्ग पर केडीए न्यू कानपुर सिटी में एलईडी साइनेट बोर्ड लगाने जा रहा है। केडीए की महत्वपूर्ण योजना में 7.66 लाख रुपये ये यह कार्य होगा। अभी यहां केडीए ने महज एक साधारण बोर्ड लगा रखा है।

संबंधित समाचार