लखीमपुर खीरी: ऑनलाइन मुनाफा कमाने का लालच पड़ा भारी...महिला ने गंवाए 37 लाख रुपये
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना भीरा क्षेत्र के कस्बा पड़रिया तुला की एक महिला साइबर अपराधियों के जाल में फंस गई। उसने धीरे-धीरे 37 लाख रुपये गंवा दिए। पीड़ित महिला की तहरीर पर थाना भीरा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
कस्बा पड़रिया तुला निवासी आकाश हंडेलवाल की पत्नी एलिजा वैश्य ने बताया कि उसके व्हाट्सएप पर एक नए नंबर से लिंक आया। लिंक से उनको हेल्जबर्ग डायमंड नाम के पोर्टल की जानकारी मिली। ठगों ने महिला से बात भी की और हेल्जबर्ग डायमंड पोर्टल पर रुपये जमा करने को प्रेरित किया। बदले में अच्छा खासा मुनाफा मिलने का झांसा दिया। महिला ठगों की बातों में आ गई। उसने धीरे-धीरे पोर्टल पर रुपया इन्वेस्ट करना शुरू कर दिया। जब उसने अपना प्रॉफिट निकालना चाहा तो उसके रुपये नहीं निकल पाए। पीड़ित महिला ने बताया कि उसने 37 लाख 12 हजार 284 रुपए इन्वेस्ट कर दिए हैं। जब रुपये नहीं निकले तब उसे ठगी होने का अहसास हुआ। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
एसपी खीरी संकल्प शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन ठगी का एक मामला सामने आया है। डायमंड कंपनी में रुपये इन्वेस्ट कर प्रॉफिट कमाने का झांसा देकर 37 लाख रुपए ठगे गए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
