पीलीभीत: सड़क हादसे में दो युवकों की मौत से आक्रोश...सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
बिलसंडा, अमृत विचार। सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के मामले में दूसरे दिन हंगामा हो गया। 36 घंटे बाद भी टक्कर मारने वाले वाहन पर कार्रवाई न होने पर परिजन गुस्सा गए और दोनों युवकों के शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बता दें कि गांव गौहनिया निवासी पूरनलाल का पुत्र मुंशीलाल और लल्लू राम का पुत्र बिल्लू उर्फ गुड्डू अपने भाई रंजीत के साथ गुरुवार सुबह बाइक से बीसलपुर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में भीकमपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें मुंशीराम और गुड्डू की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया। टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगने और कार्रवाई न होने पर परिजन गुस्सा गए। शुक्रवार को दोनों के शव मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस पर सुरागरसी के नाम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया। काफी देर तक मार्ग पर आवागमन बंद रहा। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन परिजन मानने को राजी नहीं थे। हालांकि बाद में मान गए और फिर वाहनों का आगवामन हुआ।
