कानपुर में RTO कर्मी के इकलौते पुत्र ने फांसी लगाकर दी जान: कोर्स न पूरा होने पर छात्र को डांटने का आरोप
कानपुर, अमृत विचार। रावतपुर थानाक्षेत्र में आरटीओ कर्मी के इकलौते पुत्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। पिता ने आरोप लगाया कि कोर्स पूरा न होने पर शिक्षक ने पुत्र को डांट दिया। इससे आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कुछ भी बताने से इनकार करते हुए अभद्रता की। पुलिस देर रात तक मामले में लीपापोती करती रही।
विनायकपुर निवासी दिनेश आरटीओ में काम करते हैं। परिवार में पत्नी, दो बेटियां सेजल और शिखा के अलावा इकलौता पुत्र 16 वर्षीय सार्थक था। सार्थक गुरुदेव टॉकीज के पास स्थित एक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता था। पिता के अनुसार सोमवार रात सार्थक मकान की ऊपरी मंजिल में बने कमरे में पढ़ाई कर रहा था।
देर रात तक पढ़ाई करने के बारे में पूछने पर सार्थक ने उन्हें बताया कि कोर्स पूरा नहीं हुआ है। इसलिए शिक्षक डांटते हैं। इस बात को उन्होंने हल्के में लिया और मंगलवार को बेटे को स्कूल भेज दिया। स्कूल के लौटने के बाद उसने घर में फांसी पर लटकता शव मिला।
फंदे पर लटका देख पत्नी, बेटियां और आसपास के लोग पहले निजी अस्पताल और फिर हैलट ले गए। वहां डॉक्टर ने सार्थक को मृत घोषित कर दिया। दिनेश का आरोप है कि स्कूल में डांटे जाने पर ही बेेटे ने जान दी है। इस संबंध में एसीपी कल्याणपुर अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि छात्र के आत्महत्या करने की सूचना नहीं है। सूचना आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
