Moradabad : नलकूप बनने से 35 साल बाद लौटी किसानों के चेहरों पर मुस्कुराहट, बोले-सिंचाई की समस्या होगी दूर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नलकूप का मिट गया था नामोनिशान, समय पर सिंचाई न होने से परेशान थे अन्नदाता, 50 हेक्टेयर क्षेत्र में होगी फसलों की सिंचाई, नलकूप भवन बन गया था शौचालय

नया नलकूप व जर्जर हालत में पुराना नलकूप।

रईस शेख, अमृत विचार। हैरत में न हों, हकीकत है। कमोबेश 35 साल बाद ग्राम पंचायत नकटपुरी कलां और आसपास के सैकड़ों किसानों के चेहरों पर मुस्कुराहट लौट आई है। मुद्दत के बाद नामोनिशान मिटा गांव का राजकीय नलकूप एकबार फिर तैयार हो गया है। इसके चालू होने से लगभग 50 हेक्टयर भूमि की सिंचाई निःशुल्क होगी और किसानों कीबल्ले बल्ले होगी।

नकटपुरी कलां के राजकीय नलकूप का निर्माण 1980 के दशक में हुआ था। महकमे ने फसलों की सिंचाई के लिए नलकूप को वि़द्युत लाइन से भी जोड़ दिया गया। कमोबेश सप्ताहभर किसानों ने इसका लाभ भी उठाया। समय पर सिंचाई हुई तो फसलें लहलहाने लगीं। नलकूप चालू होने से किसान भी खुश थे लेकिन चंद दिनों बाद ही चोरों की नजर बिजली लाइन पर पड़ गई और शुरू हो गया खम्भों से तार चोरी होने का सिलसिला। तभी से नलकूप पर ग्रहण लगना शुरू हो गया। बिजली के तार चारी होने का सिलसिला शुरू हुआ तो सिंचाई महकमे के अधिकारी भी हार मान गए। नलकूप के रखरखाव में भी कमी आ गई और एक साल में ही नलकूप खंडहर में तब्दील हो गया। चोर खिड़की दरवाजे भी उखाड़ ले गए। ग्रामीणों ने खंडहर बने नलकूप को शौचालय के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। बाकी कसर ग्रामीणों ने नलकूप व उसकी नालियों की ईंटे चोरी कर पूरी कर दी। धीरे धीरे नलकूप का नामोनिशान भी मिट गया।

बहरहाल, कमोबेश 35 साल के बाद केंद्रीय सिंचाई मंत्री जितिन प्रसाद के आदेश से नलकूप का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। बिजली कनेक्शन मिलते ही किसानों की तमन्ना और सिंचाई का सिलसिला शुरू हो जाएगा। किसान खुश हैं। उनका कहना है कि नलकूप न होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निजी संसाधनों से सिंचाई मंहगी और फसलें प्रभावित हो रही हैं। नलकूप के चालू होने से पैदावार तो बढ़ेगी ही ग्रामीणों की आमदनी का जरिया भी बढ़ेगा। आय दोगुना होगी तो खुशहाली आएगी। इससे सरकार की मंशा भी पूरी होगी। 
 

जिला पंचायत बोर्ड बैठक में उठा था मुद्दा
नकटपुरी कलां के नलकूप का मुद्दा जिला पंचायत सदस्य नजाकत अली ने जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में उठाया था। बैठक में केंद्रीय सिंचाई मंत्री जितिन प्रसाद मौजूद थे। उन्होंने सिंचाई विभाग अधिकारियों को समस्या का तत्काल निराकरण करने के आदेश दिए थे। नजाकत अली के मुताबिक उन्होंने अनेक मुद्दे बैठकों में रखे हैं जिनपर कार्रवाई हो रही है।

किसानों ने कहा, सिंचाई की समस्या होगी दूर
नकटपुरी कलां निवासी साजिद अली, जान मुहम्मद, हाजी अहमद अली, शमीम, सखावत, अहमद जान, नाजिम, अब्दुल रहमान का कहना है कि नलकूप चालू होने से फसलों का उत्पादन बढ़ेगा। उन्होंने अधिशासी अभियंता नीरज गुप्ता, सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार और अवर अभियंता हरीश कुमार का आभार जताया। उनका का कहना है कि निजी संसाधनों से फसलों की सिंचाई मंहगी पड़ती है। डीजल की व्यवस्था न होने से समय से सिंचाई नहीं हो पाती थी, अब ये समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने जिला पंचायत सदस्य नजाकत अली का भी आभार जताया।

नकटपुरी कलां नलकूप का निर्माण पूरा हो गया है। कनेक्शन के लिए बिजली महकमे से कहा गया है। प्रक्रिया पूरी होते ही नलकूप चालू हो जाएगा। इससे किसानों को लाभ होगा। सिंचाई होने से कमोबेश 50 हेक्टेयर फसलों का उत्पादन बढ़ेगा।-नीरज गुप्ता, अधिशासी अभियंता नलकूप खंड प्रथम।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : सोनकपुर स्टेडियम में अव्यवस्था बन रही खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने में अड़चन, जिम्मेदारी अनजान

संबंधित समाचार