पीलीभीत: शादी के चंद घंटे पहले दुल्हन फरार, काफी देर इंतजार के बाद लौटी बरात...

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरखेड़ा, अमृत विचार। विवाह की तैयारियों के बीच फेरे की रस्म होने से पहले ही दुल्हन घर से चली गई। काफी तलाशने के बाद भी जब दुल्हन न मिली तो बराती वापस होने लगे। दूसरे दिन सुबह एक ग्रामीण के घर पर दुल्हन मिली। पूर्व प्रधान की मदद से परिवार वाले पहुंचे और उसे ले आए। हालांकि बरात वापस जा चुकी थी। लड़की के पिता ने बीसलपुर के एक इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

घटना सोमवार रात की है। दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के एक युवक की शादी बरखेड़ा क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी। सोमवार रात को बरात लड़की के गांव पहुंची। द्वारचार की रस्म के बाद बरातियों का खाना शुरू हो चुका था। दोनों पक्ष विवाह संपन्न कराने में जुटे हुए थे। इस बीच जेवर कपड़े दुल्हन को पहनाने के लिए परिवार वाले घर पहुंचे। इस दौरान पता चला कि दुल्हन को कहीं चली गई है। इसके बाद खलबली मच गई। परिवार वाले तलाश में जुट गए। काफी देर बाद भी जब दुल्हन का पता नहीं चला तो लड़का पक्ष को भी इसकी जानकारी दे दी गई। इसके बाद बरात वापस लौट गई और भावर भी नहीं पड़ सकी थी। मंगलवार तड़के गांव के ही एक घर में दुल्हन के होने की जानकारी मिली। इस पर पूर्व प्रधान के साथ लड़की के परिवार वाले पहुंच गए। पूर्व प्रधान लड़की और उसके परिवार को अपने घर लाए और पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस दुल्हन को अपने साथ ले गई। लड़की पक्ष ने बीसलपुर के एक इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद पर नौकरी करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: छंटनी में हटाए गए पावर कॉरपोरेशन के संविदाकर्मी की मौत, नौकरी जाने के बाद से था परेशान

संबंधित समाचार