पीलीभीत: छंटनी में हटाए गए पावर कॉरपोरेशन के संविदाकर्मी की मौत, नौकरी जाने के बाद से था परेशान

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

पूरनपुर, अमृत विचार:  तीन दिन पहले संविदा की नौकरी से निकाले गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी जानकारी लगते ही पावर कॉरपोरेशन के कई संविदा कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। नौकरी जाने से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की चर्चाएं की जाती रही। इसकी सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी की। परिजन का भी यही कहना है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद से ही मृतक परेशान चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के गांव सबलपुर खास के रहने वाले राम सिंह (40) पुत्र बलवंत सिंह पावर कॉरपोरेशन में संविदा पर लाइनमैन पद पर कार्यरत थे। तीन दिन पहले कर्मचारियों की छंटनी किए जाने पर राम सिंह सहित अन्य दो संविदा कर्मचारियों की नौकरी चली गई थी। बताते हैं कि तब से वह परेशान चल रहे थे। मंगलवार सुबह उनका शव घर में फर्श पर पड़ा मिला।

जानकारी लगते ही बिजली विभाग के तमाम संविदा कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और इसे लेकर विरोध जताया। नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी, कोतवाल नरेश कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर क्राइम गजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ सूचना मिलने पर गांव पहुंचे। पूरे मामले की जानकारी की गई। संविदा कर्मचारियों का आरोप है कि पावर मनमर्जी के तहत कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है, जबकि सभी कर्मचारी बिना किसी लापरवाही के नौकरी कर रहे हैं। 

इसे लेकर कर्मचारियों ने नाराजगी जताई। मृतक के भाई फूल सिंह ने बताया कि नौकरी से निकाले जाने के बाद से राम सिंह काफी परेशान था। वह घर का खर्च न चल पाने की बात बार-बार कह रहे थे। उन्होंने कई बार आत्महत्या करने की बात भी कही थी। इसे लेकर नौकरी जाने से परेशान होकर खुदकुशी का भी शोर मचा रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिजली कर्मचारी संघ के तहसील अध्यक्ष बोले- होगा कार्य बहिष्कार
उत्तरप्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के तहसील अध्यक्ष सर्वेश शुक्ला ने बताया कि संविदा सूची से बाहर किए जाने पर कर्मचारी ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। विभाग की इस मनमानी के खिलाफ लामबंद होकर कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: विवादित टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में कोतवाली में दर्ज हुई क्रॉस FIR, एक दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप

संबंधित समाचार