बदायूं: महिला की मौत के बाद मिला था सुसाइड नोट, मगर पोस्टमार्टम में आया हार्टअटैक

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

सहसवान, अमृत विचार। सहसवान कस्बा के मोहल्ला सैफुल्लागंज निवासी बुजुर्ग महिला का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस पहुंची तो पास में दो पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें मोहल्ले के कुछ लोगों पर आठ साल से परेशान करने की वजह से आत्महत्या करने की बात लिखी थी। इसके अलावा महिला का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें उसने कुछ लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो उसमें हार्टअटैक से मौत की पुष्टि हुई। 

कोतवाली सहसवान क्षेत्र के मोहल्ला सैफुल्लागंज निवासी बुजुर्ग महिला लोमेश शर्मा पत्नी उमेश चंद्र शर्मा ने अपना वीडियो बनाकर वायरल किया था। जिसमें लिखा गया था कि वह पड़ोसी भुवनेश माहेश्वरी, सीताराम, वैभव माहेश्वरी, शोभित माहेश्वरी, डॉ. भुवनेश, शुभम माहेश्वरी, सुधीर माहेश्वरी, राखी ग्रुप बनाकर महिला को लगभग आठ साल से परेशान करते आ रहे हैं। जिसके चलते उनके पास आत्महत्या के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। आगे लिखा कि वह लोग और मुन्नी देवी (मास्टरनी) गैंग बनाकर महिला और उनके परिवार को जान से मारने व यहां से भगा देने की धमकी देते चले आ रहे हैं। उनके ऊपर झूठी कार्रवाई कराते हैं। उनके पति के खिलाफ कई झूठी कार्रवाई भी कराई हैं। वह लोग कहते हैं कि हमारी सरकार है। उनके पास बहुत पैसा है। मंत्रियों और अधिकारियों तक पहुंच है। वह महिला और उनके परिवार पर केस लगाकर जेल में डलवा देंगे। बर्बाद करके ही छोड़ेंगे। उन लोगों की सांठगांठ की वजह से पुलिस और अधिकारी महिला व परिवार को परेशान करते हैं। महिला के आत्महत्या करने का कारण यही लोग होंगे। इन लोगों की वजह से ही वह जीवनलीला समाप्त कर रही हैं। महिला को अपने परिवार के किसी भी सदस्य से दिक्कत नहीं है न ही कोई शिकायत है। परिवार बहुत अच्छा है। 

मौत का कारण भुवनेश, शुभम, शोभित, वैभव, सुधीर, राखी व मुन्नी देवी हैं। आगे लिखा कि सुधीर खाद-बीज की एक्सपायर कीटनाशक दवाएं बेचता है। काले धंधे करता है। वह लोग कहते हैं कि कहीं भाग जा या मर जा। शनिवार सुबह महिला की बहू चाय देने गई तो महिला का शव उनके कमरे में बेड पर पड़ा था। सभी ने आत्महत्या करने का अंदेशा लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। सुसाइड नोट और वीडियो देखी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसमें हार्टअटैक से मौत की बात सामने आई। 

वीडियो और सुसाइड नोट की होगी जांच
महिला वीडियो वायरल होना, सुसाइड नोट मिलना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हार्टअटैक से मौत होना इत्तेफाक नहीं हो सकता। जिसके चलते अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला ने वह वीडियो पहले बनाया होगा। मौत के बाद वायरल किया गया। वहीं सुसाइड नोट को लेकर भी संदेह है। जिसके चलते पुलिस वीडियो और सुसाइड नोट दोनों की जांच करेगी। 

घर से निकलने पर परेशान करते थे पड़ोसी
महिला के बेटे ने बताया कि आरोपी उनके परिजनों के खिलाफ अक्सर ही फर्जी शिकायतें करते रहते थे। जमीन पर भी कब्जा करना चाहते थे। शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने उनकी समस्या को नजरअंदाज किया। एक बार दोनों पक्ष का चालान किया गया था। घर से निकलने पर आरोपी लोमेश शर्मा को परेशान और गाली-गलौज तक करते थे।

जानिए क्या बोली पुलिस
सहसवान कोतवाल राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि महिला की उसके घर पर मौत हुई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसमें हार्टअटैक से मौत की पुष्टि हुई है। वीडियो संभवत: पुराना हो सकता है। सुसाइड नोट की जांच कराई जा रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - बदायूं: शराबी बारातियों की करतूत...नशे में पुलिस वालों को ही पीट दिया, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार