कन्नौज में गेस्ट हाउस संचालक के बंद घर से 50 लाख की चोरी: Mahakumbh स्नान करने गया था परिवार... 

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कन्नौज, गुरसहायगंज, अमृत विचार। नगर में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोर एक के बाद एक घटना को अंजाम देकर खुली चुनौती दे रहे हैं और पुलिस चोरियों की रोकथाम व खुलासा करने में असफल हो रही है।

एक माह में लगातार चोरों ने लगातार चौथी घटना में गेस्ट हाउस संचालक के बंद घर को निशाना बनाया। यहां से जेवर और नकदी समेत लगभग 50 लाख का माल पार कर दिया। व्यापारी परिवार घर लौटा तो चोरी का पता चला। मामले में सर्विलांस, फोरेंसिक व पुलिस टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 

 नगर के मोहल्ला दिलशाद नगर निवासी रामऔतार गुप्ता ने बताया कि वह शुक्रवार को परिवार के साथ महाकुंभ में स्नान के लिए प्रयागराज गया था। इसी बीच चोरों ने घर का ताला तोड़ कर अलमारी में रखे लगभग 600 ग्राम सोने और डेढ़ किलो चांदी के जेवर चोरी कर लिए। ढाई लाख रुपये भी ले गए।

रविवार की सुबह घर लौटे तो घर के ताले टूटे और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक व सर्विलांस टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस की गश्त व कार्यशैली पर लोगों ने सवालिया निशान लगाए हैं।

कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से चोरों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास है। कस्बा प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह भी अलग टीम के साथ नगर में हुई चोरियों की जांच में जुटे हैं।

संबंधित समाचार