मुरादाबाद: एक घंटे की इंस्पेक्टर लावन्या ने हेलमेट न पहनने पर काटा चालान
मुरादाबाद। सदर कोतवाली थाने को एक घंटे के लिये संभालने की जिम्मेदारी सेंट मेरी स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा लावन्या ने को दी गई। इंस्पेक्टर का पद संभालने के बाद लावन्या ने टाउनहाल चौराहे पर बिना हेलमेट न लगाये जा रहे स्कूटी सवार का चालान काटा। इसके साथ ही लावन्या ने थाने में आने …
मुरादाबाद। सदर कोतवाली थाने को एक घंटे के लिये संभालने की जिम्मेदारी सेंट मेरी स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा लावन्या ने को दी गई। इंस्पेक्टर का पद संभालने के बाद लावन्या ने टाउनहाल चौराहे पर बिना हेलमेट न लगाये जा रहे स्कूटी सवार का चालान काटा। इसके साथ ही लावन्या ने थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायत सुनकर उनका निस्तारण करने के आदेश दिये। यह कार्यक्रम यूनिसेफ की पहल हुआ था।
अंतर्राष्ट्रीय बाल दिवस पर दसवीं की छात्रा लावन्या को एक घंटे के लिए सदर कोतवाली का इंस्पेक्टर बनाया गया। प्रदेश के प्रत्येक जनपद में बच्चों को एक घंटे के लिये थाने का प्रभार सौंपा गया। जनपद में भी कांशीराम नगर स्थित सेंट मीरा अकादमी के 48 बच्चों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला। स्कूल में पढ़ने वाली खुशहालपुर निवासी दसवीं की छात्रा लावन्या ने कोतवाली इंस्पेक्टर की कमान संभाली।
कार्यक्रम की शुरूआत बच्चों को थाने की कार्यप्रणाली की जानकारी देकर एसपी सिटी अमित कुमार आनंद व सीओ सिटी इंदु सिद्धार्थ ने की। इसके बाद सदर कोतवाली इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने छात्रा लावन्या को कोतवाली प्रभारी का चार्ज दिया। सबसे पहले बच्चों ने सलामी के बारे में जाना। इसके बाद सभी बच्चों ने कोतवाली के कार्यालय में जाकर वहां की कार्यप्रणाली समझी।
इंस्पेक्टर बनी लावन्या और एक दूसरी छात्रा हर्षिता ने वायरलेस सेट पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी से बात की। लावन्या ने अपनी रिपोर्टिंग की। एसएसपी से मिले निर्देश के अनुपालन में लावन्या ने शस्त्रागार, कंट्रोल रूम, मालखाना, हवालात आदि का जायजा लिया। बाद में थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर छात्रा ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। इस बीच समर अंसारी मोबाइल खोने की शिकायत लेकर पहुंचा। उसकी शिकायत सुनने के बाद लावन्या ने सूचना दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही का निर्देश चौकी प्रभारी को दिया। कार्यक्रम में बच्चों को पुलिस की कार्यशैली और जीवन शैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को पुलिसिंग की बारीकियों से अवगत कराया। छात्रा ने कोतवाली में विधिवत शिकायत सुनी और वायरलेस सेट से एसएसपी को रिपोर्ट दी।
गश्त कर लिया सुरक्षा का जायजा
सदर कोतवाली बनी लावन्या ने दस छात्रों की टीम बनाकर टाउनहॉल चौराहे पर वाहन चेकिंग के लिए अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट पहने वहां से गुजर रहे एक्टिवा सवार को रोक कर जांच की। मंडी चौक निवासी स्कूटी सवार राजन का चालान काटा गया। चेकिंग के दौरान बिना मास्क के घूम रहे लोगों को हिदायत दी गई। साथ ही उन्हें कोरोना संक्रमण के खतरे के मद्देनजर मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्र-छात्राओं में दिखा उत्साह
यूनिसेफ की ओर से बच्चों में पुलिसिंग की जानकारी के लिए आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर बच्चों में काफी उत्साह रहा। सुबह निर्धारित समय से पहले ही बच्चे कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान कोतवाली बनी लावन्या ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह काफी उत्साहित थी। बताया कि उसके पिता सत्यपाल यूपी पुलिस में एसआई हैं और लखनऊ में तैनात है। लावन्या ने कहा कि वह पुलिस के बारे में पहले इतना अधिक नहीं जानती थी। इस कार्यक्रम से काफी जानकारी मिली और उत्साह भी बढ़ा। उसने कहा कि आगे चलकर पुलिस अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहती है। इसी तरह हर्षिता ने भी कहा कि अमूमन पुलिस के नाम से लोग डरते हैं, लेकिन पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखने के बाद पता चला कि पुलिस किस तरह से काम करती है।
