Lucknow News : रियल एस्टेट कारोबारी ने प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से हड़पे 42.60 लाख

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

Lucknow, Amrit Vichar : रियल एस्टेट कंपनी लक्ष्य एसोसिएट ने प्लॉट दिलाने का झांसा देकर महिला से 42.60 लाख रुपये हड़प लिए। प्लॉट न मिलने पर रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने धमकाया। गोमतीनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

विराम खंड-4 निवासी वंदना सिंह ने बताया कि वह प्लॉट खरीदने की इच्छुक थी। वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात प्रॉपर्टी डीलर धर्मेंद्र कुमार सिंह से बात हुई थी। आरोपी ने बताया कि लक्ष्य एसोसिएट के नाम से फर्म है। टुकड़ों में आरोपी ने पीड़िता से नगद और खाते में 42.60 लाख रुपये लिए। इसके बाद भी आरोपी ने जमीन नहीं दिलाई। पीड़िता ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकाया। 42.60 लाख की धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में शिकायत की। शुरुआती जांच में आरोप सही मिलने पर गोमतीनगर पुलिस ने धर्मेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन, गाली-गलौज और धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बुजुर्ग समेत दो के खातों से उड़ाए 4.98 लाख
साइबर जालसाज ने बुजुर्ग समेत दो के खातों से 4.98 लाख रुपये पार कर दिए। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है।

मानसरोवर योजना सेक्टर-ओ निवासी ऋतुल राज ने बताया कि 13 जनवरी को पिता केशव राम के पास एक कॉल आई। जालसाज ने शेयर खान एज कर्मी बनकर आईपीओ में निवेश का झांसा दिया। फिर एक लिंक भेजकर एप डाउनलोड कराया। उसके बाद कई बार में 4 लाख रुपये जमा करा लिए। शक होने पर पीड़ित ने ग्राहक सेवा केंद्र पर फोन मिलाया तो पता चला कि शेयर खान की कोई एप नहीं है। इसी थाना क्षेत्र के एलडीए कॉलोनी सेक्टर-आई निवासी सभाजीत उपाध्याय ने बताया कि उनके पास एक फोन मिलाया। जालसाज ने बातों में फंसाकर चार बार में 98,100 रुपये पार कर दिए।

यह भी पढ़ें- पदक विजेताओं ने उत्तरी सेना को किया गौरवान्वित : 55 सैन्य अधिकारी और जवान वीरता और विशिष्ट सेवा पदक से हुए अलंकृतिक

संबंधित समाचार