Moradabad News: हवस की आग में किया 'आंचल' मैला, प्रेमी संग करंट लगाकर पति को सुलाया था मौत की नींद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना मझोला क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि अवैध प्रेम संबंधों के चलते युवक की हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की, फिर उसे बिजली का करंट लगाया और जहरीला पदार्थ देकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से चारों आरोपियों को जिला कारागार भेज दिया गया।

बहन और प्रेमी संग पति के खून से रंगे हाथ
थाना मझोला के प्रभारी निरीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि थाना मझोला क्षेत्र के कुंदनपुर ढक्का स्थित कृषि कार्यालय के पास रहने वाले 28 वर्षीय पवन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई देवेन्द्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में गंभीर आरोप लगाए थे। वादी ने बताया था कि पवन की पत्नी आंचल का गांव के ही अंकित नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद भी चल रहा था। आरोप लगाया गया कि आंचल ने अपनी बहन शिखा, प्रेमी अंकित और उसके साथी अजय दिवाकर के साथ मिलकर पवन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। तहरीर के आधार पर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था।

करंट लगाकर उतारा मौत के घाट
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इस बीच सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी पाकबड़ा जीरो प्वाइंट के पास मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में आंचल पत्नी मृतक पवन निवासी आदर्श नगर कुंदनपुर मझोला, उसकी बहन शिखा निवासी ग्राम बटौआ थाना हजरत नगर गढ़ी संभल, अंकित निवासी बघि गोवर्धनपुर थाना मैनाठेर तथा अजय दिवाकर निवासी जयंतीपुर थाना मझोला शामिल हैं। आरोपियों ने बताया कि पवन उनके प्रेम संबंधों में बाधा बन रहा था। इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। घटना वाली रात पवन के साथ मारपीट की गई और बाद में उसे करंट तथा जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया गया।

संबंधित समाचार