Good News: यूपी में होगी 30 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती, सीएम योगी का ऐलान, जानें कब जारी होगा नोटिफिकेशन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक गुड न्यूज है। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार बहुत जल्द 30 हजार सिपाहियों की भर्ती के लिए नोटिफेकशन जारी करने जा रही है। इसकी जानकारी खुद प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा में दी है। सीएम योगी ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान घोषणा किया है कि पुलिस में जल्द ही 30 हजार नई भर्तियां की जाएंगी।
यूपी पुलिस में महिलाओं को 20 फीसदी आरक्षण
यूपी भर्तियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि जल्द ही पुलिस में 30 हजार नई भर्तियां की जाएंगी। सीएम योगी ने कहा कि अबतक प्रदेश में 60 लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है। पुलिस विभाग में साल 2017 से अब तक 1,56,000 पदों पर भर्ती की गई है। वर्तमान समय में 60,200 पुलिस कर्मियों का प्रोसेस चल रहा है। एक महीने के बाद इनका प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। मिशन शक्ति के तहत पुलिस भर्ती में महिलाओं को 20 फीसदी आरक्षण की सुविधा दी गई है। इन भर्तियों के ऐलान के बाद नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन किया गया है, जो मेट्रो और एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए है। इसकी छह वाहिनियों का भी गठन किया गया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ( ANTF) का भी सरकार ने गठन किया है। साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ में एडवांस साइबर फोरेंसिक लैब, 18 परिक्षेत्र थानों पर बेसिक साइबर फोरेंसिक लैब और 57 जिलों में साइबर क्राइम थानों की स्थापना की गई है।
जीआरपी में भेजे जाएंगे 2668 पुलिसकर्मी
डीजीपी मुख्यालय ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में 2668 पुलिसकर्मियों की तैनाती के लिए सभी पुलिस कमिश्नर और आईजी रेंज से नामांकन भेजने के लिए कहा है। 2668 पुलिसकर्मियों को जीआरपी में भेजा जाएगा। दरअसल, जिन पुलिसकर्मियों की जीआरपी में नियुक्ति की अवधि पूरी हो चुकी है, उनकी जगह पर नए पुलिसकर्मियों की तैनात की जानी है। डीजीपी मुख्यालय ने 47 साल से कम आयु वाले 215 उपनिरीक्षक और 2453 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही यह भी ध्यान रखने को कहा गया है कि बीते पांच सालों के दौरान दंड पाने वाले, दिव्यांग और महानुभावों की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों के नामों को नहीं भेजा जाए।
यह भी पढ़ें:-संविदा कर्मियों के लिए खुशखबरी: बढ़ेगा वेतन, मुख्यमंत्री योगी ने किया ऐलान, सपा पर लगाया यह आरोप
