कासगंज : है भोलेनाथ की शादी, हम तो नाचेंगे...धूमधाम से निकाली गई भोले की बरात

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

कासगंज, अमृत विचार। महाकाल शोभायात्रा बुधवार को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर पथवारी मंदिर बिलराम गेट से प्रारंभ हुई। जिसमें भक्तजन भक्ति गीत... है भोलेनाथ की शादी हम तो नाचेंगे आदि पर थिरकते रहे। इससे पूर्व महाकाल का पूजन किया गया। जिसके बाद भोलेनाथ की शोभायात्रा शुरु हुई। भक्तजन भोलेनाथ की जय जयकार करते रहे। बैंडबाजों की धुन बजाए जा रहे धार्मिक गीतों पर महौल धर्ममय बना रहा।

गले में पीतांबर, हाथों में डमरू, जुबां पर भोले की जयकार से वातावरण भक्तिमय रहा। हाथों में शिवजी की आस्था के प्रतीक झंडे को लिए भक्त भगवान शिव की जय-जयकार करते रहे। बरात की अगुवाई में धर्मध्वज साथ चल रहा। भूत, प्रेत, पिशाच स्वरूप बराती बनकर आए थे। शोभायात्रा में भोलेनाथ की झांकी के बराती बने भक्तों ने जमकर धमाल मचाया। लोगों ने भगवान शिव की बरात का जगह जगह फूल बरसाकर स्वागत किया। महाकाल पालकी यात्रा बिलराम गेट से प्रारंभ होकर बारहद्वारी, नदरई, सोरों गेट, गली झौरा भौरा, गली सहावर गेट, गली पचौरिया, सूत की मंडी होती हुई मंदिर पर संपन्न हुई। 

आकर्षण का केंद्र थे नंदी पर सवार भोलेनाथ 
भगवान शिव की बारात में भोले नाथ नंदी पर सवार होकर आए। भक्तों ने भोलेनाथ के स्वरूप को नंदी की सवारी कराई। उनके साथ पूरे शहर में नंदी की सवारी आकर्षण का केंद्र रही।

बरात की सुरक्षा में तैनात रहे पुलिस कर्मी
बरात के आगे और पीछे सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। पुलिस कर्मी बारात के साथ चलते रहे। बाजार में जाम की स्थिति न बने इसलिए ई-रिक्शा को बाजार में प्रवेश नहीं दिया जा रहा था।

ये भी पढ़ें - कासगंज: शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, जलाभिषेक को लगी भक्तों लाइनें

संबंधित समाचार