बदायूं: टैक्स जमा करने का मौका खत्म, अब वाहन मालिकों से होगी वसूली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ऋषिदेव गंगवार, बदायूं। जिले भर के वाहनों पर टैक्स का लगभग ढाई करोड़ रुपये बकाया है। इसे जमा कराने के लिए परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों को टैक्स जमा करने का मौका दिया था। तीन महीने के लिए एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) चलाई थी। इस दौरान टैक्स के तकरीबन 98 लाख 48 हजार रुपये जमा हुए, लेकिन बहुत से वाहन स्वामियों ने योजना काे अनदेखा किया। इसके चलते विभाग की ओर से दो हजार लोगों को नोटिस जारी किए हैं। वहीं 500 वाहन चालकों से वसूली की तैयारी है।

परिवहन विभाग ने छह नवंबर 2024 से पांच फरवरी तक योजना चलाई थी। इसका प्रचार प्रसार किया गया था। वाहन स्वामियों को सूचित किया गया था कि निर्धारित अवधि में टैक्स जमा करने पर जुर्माना नहीं लगेगा। निर्धारित अवधि में जिले के 497 वाहन स्वामियों ने लगभग 98 लाख 48 हजार रुपये टैक्स जमा किया, लेकिन तकरीबन दो हजार वाहन स्वामियों ने योजना को भी दरकिनार किया। योजना समाप्त होने के बाद इन वाहन स्वामियों को भी नोटिस जारी करके 15 दिनों के भीतर टैक्स जमा करने को कहा गया है। अब टैक्स के साथ जुर्माना भी जमा करना होगा। टैक्स जमा न करने पर प्रशासन के माध्यम से वाहन स्वामियों से टैक्स की वसूली की जाएगी। इसके अलावा योजना समाप्त होने के तुरंत बाद ही परिवहन विभाग ने नोटिस जारी किए थे। समय पूरा होने पर लगभग 500 वाहन स्वामियों से रिकवरी की तैयारी है। प्रशासन की ओर से तहसील स्तर के अधिकारियों को रिकवरी को निर्देशित किया गया है।
पंजीकरण रद्द होने के बाद भी जमा नहीं किया टैक्स

परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों को बिना जुर्माना के टैक्स जमा करने का पूरा मौका दिया था। अंतिम दिन एआरटीओ कार्यालय पर काउंटर तक लगाया गया था। विभागीय कर्मचारियों ने वाहन स्वामियों के घर जाकर जागरूक भी किया था। आखिरी दिन कार्यालय पर वाहन स्वामियों की भीड़ भी थी। इसमें लगभग 500 वाहन ऐसे थे जिनका पंजीकरण रद्द होने के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया। इसके चलते उनपर रिकवरी की तैयारी है।

एआरटीओ प्रशासन रामवचन गुप्ता ने बताया कि शासन के निर्देश पर एक मुश्त समाधान योजना चलाई गई थी। इसमें वाहन स्वामियों ने 98.48 लाख रुपये टैक्स जमा हुआ था। कई वाहन स्वामियों ने इस योजना का लाभ नहीं लिया। इसके चलते उन्हें नोटिस जारी किया गया है। जल्द ही लगभग 500 वाहन स्वामियों से रिकवरी की कार्रवाई होगी।

संबंधित समाचार